दीवार गिरने से दो सगी बहनों की मौत एक घायल

दीवार गिरने से दो सगी बहनों की मौत एक घायल

कानपुर देहात में तेज बारिश की वजह से स्कूल बाउंड्री लड़कियों के ऊपर गिरने की वजह से दो सगी बहनों की मौत हो गई। जबकि एक बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मौके पर जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी अकबरपुर भी पहुंचे हैं। जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी है।


भरभरा कर गिरी बाउंड्री


कानपुर देहात में सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते अकबरपुर कस्बे में बने देव समाज स्कूल की बाउंड्री अचानक सड़क पर गिर पड़ी। इस दौरान सड़क से गुजर रही 3 सगी बहनें बाउंड्री की चपेट में आकर मलबे के नीचे दब गई। चीख पुकार सुनकर मौके पर लोग पहुंचे। एक लड़की को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पुलिस के पहुंचने पर रेस्क्यू ऑपरेशन कर मलबे में दबी किशोरियों को बाहर निकालते तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल किशोरी को तत्काल मलबे से निकालकर आनन-फानन में पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया है। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


जिलाधिकारी ने की पुष्टि


जिलाधिकारी नेहा जैन ने बताया कि कानपुर देहात के अकबरपुर में एक विद्यालय की बाउंड्री के जाने से दुखद घटना हो गई है। हादसे में 2 किशोरियों की मौत हो गई है। एक लड़की गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जिलाधिकारी नेहा जैन ने बताया कि हादसे में सलोनी और सोनम की मौत हुई है। जबकि वर्षा गंभीर रूप से घायल है। यह तीनों किशोरियां रामगंज मोहल्ले की रामकृष्ण के घर की हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *