बहुत ही अद्भुत , पुलिस ही ठग गयी
पुलिस को ही लगा गया एक 52.51 लाख की चपत !
थानों में CCTV लगाने के नाम पर पूरा भुगतान लेकर गायब हुई मुंबई की फर्म
हरदोई में सरकारी धन की कथित हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थानों में CCTV कैमरे लगाने के नाम पर पुलिस विभाग को ही लाखों रुपये का चूना लग गया। सरकारी खरीद पोर्टल GeM के जरिए मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित फर्म Light Force Buildimt Limited को कैमरे और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का ठेका दिया गया था। विभाग ने फर्म को 52 लाख 51 हजार 672 रुपये का पूरा ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी थानों में कैमरे नहीं पहुंचे। अपराधियों पर कार्रवाई करने वाली पुलिस अब खुद कथित धोखाधड़ी के मामले में कानूनी कार्रवाई करने को मजबूर है।
प्रतिसार निरीक्षक (RI) यशवंत प्रताप सिंह की तहरीर के मुताबिक, फर्म के संचालक अमित राय से जब भी उपकरणों की आपूर्ति के लिए संपर्क किया गया, वह कथित तौर पर बहाने बनाकर समय टालता रहा। छह महीने की लगातार टालमटोल के बावजूद न तो कैमरे मिले और न ही अन्य उपकरणों की आपूर्ति हुई। इससे थानों को CCTV से लैस करने की योजना अधर में लटक गई। सरकारी धन का पूरा भुगतान होने के बाद भी सामान न मिलना खरीद प्रक्रिया और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
मामले में हरदोई शहर कोतवाली में फर्म और उसके संचालक अमित राय के खिलाफ BNS की धारा 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि भुगतान के बावजूद आपूर्ति क्यों नहीं हुई और इस पूरे प्रकरण में किसकी क्या भूमिका रही। पुलिस विभाग को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोपों के बीच निगाहें अब जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।फिलहाल कोतवाली शहर पुलिस प्रकरण की जांच में जुटी है।
CCTVScam HardoiPolice Up police
