हरदोई में मुर्गे के लेग पीस पर महाभारत,4 पहुंचे हवालात

हरदोई में मुर्गे के लेग पीस पर महाभारत,4 पहुंचे हवालात

उत्तरप्रदेश

आपने जमीन-जायदाद और फसल की बटाई पर सिर फुटव्वल तो बहुत देखी होगी,लेकिन हरदोई में देसी मुर्गे की बटाई पर जो गदर कटा उसने सबको हैरान कर दिया है।मामला बेनीगंज के ठाकुरगंज गांव का है, जहां मुर्गा कटा, आधा गोश्त बंटा, लेकिन थाली में लेग पीस न पाकर मालिक ऐसा बिफरा कि रिश्तों की मिठास पल भर में जंग के मैदान में बदल गई।

​दरअसल,प्रेमपाल ने अपना देसी मुर्गा रिश्तेदार पच्चा को इस सौदे पर पालने दिया था कि बड़ा होने पर गोश्त आधा-आधा होगा। मंगलवार की शाम मुर्गे पर छुरी चली और पच्चा ने प्रेमपाल के हिस्से का गोश्त भिजवा दिया। प्रेमपाल ने जब थाली में नजर दौड़ाई तो होश उड़ गए—गोश्त तो था, मगर देसी मुर्गे की जान यानी लेग पीस सिरे से गायब था। प्रेमपाल ने सीधे रिश्तेदार के दरवाजे पर दस्तक दी और सीधा हिसाब मांगा—जब मुर्गे की अधिया थी, तो टांग किसकी थाली में सरक गई?

बस, जायके का यह तीखा सवाल रिश्तेदारों को ऐसा चुभा कि मर्यादा तार-तार हो गई। आरोप है कि तिलमिलाया पच्चा अपने तीन बेटों—मनोराम, शैलेंद्र और रामा के साथ लाठी-डंडे लेकर प्रेमपाल की चौखट पर चढ़ आया। देखते ही देखते घर का आंगन अखाड़ा बन गया। चारों ने मिलकर प्रेमपाल,उनकी पत्नी रीना और बेटे अतुल को लात-घूंसों से जमकर पीट डाला।

​चीख-पुकार के बाद रीना जब लहूलुहान होकर थाने पहुंचीं, तो पुलिस भी माजरा सुनकर दंग रह गई। बेनीगंज पुलिस ने बिना देर किए दबिश दी और पच्चा समेत उसके तीनों बेटों को धर दबोचा। पुलिस ने चारों का शांतिभंग में चालान कर हवालात का रास्ता दिखा दिया। अब गांव भर में चर्चा यही है कि मुर्गे की टांग किसने चबाई यह तो राज रह गया,लेकिन लेग पीस की हेराफेरी ने चार रिश्तेदारों को थाने की हवा जरूर खिला दी।

​HardoiNews DesiMurgaKand CrimeNews ViralNews UPPolice


Leave a Reply

Required fields are marked *