28 , 29 , 30 तीन दिन रहेगी बैंक हड़ताल , निपटा लें जरूरी काम

28 , 29 , 30 तीन दिन रहेगी बैंक हड़ताल , निपटा लें जरूरी काम

सुलह वार्ता विफल, 28 से 30 सितम्बर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल तय

5-डे बैंकिंग लागू करने की मांग पर सरकार और बैंक यूनियंस के बीच गतिरोध बरकरार

5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों के आंदोलन के बीच आज मंगलवार को UFBU और केंद्रीय श्रमायुक्त (CLC) के समक्ष सरकार और बैंक मैनेजमेंट से हुई सुलह-वार्ता विफल हो गई। वार्ता में कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद UFBU ने 28, 29 और 30 सितम्बर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल करने की घोषणा की है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के स्थानीय संयोजक राकेश पाण्डेय एवं चेयरमैन क्षितिज पाठक ने बताया कि जिले की लगभग 230 बैंक शाखाओं में तीन दिवसीय बैंक हड़ताल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जिले के सभी बैंककर्मियों से एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज की सुलह-वार्ता में भी 5-डे बैंकिंग लागू करने के संबंध में कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय सामने नहीं आया। UFBU ने स्पष्ट कर दिया है कि ठोस पहल के अभाव में हड़ताल का कार्यक्रम वापस नहीं लिया जाएगा।

काला फीता बांधकर जताया विरोध

मंगलवार को बैंककर्मियों ने पूरे दिन ड्यूटी के दौरान काउंटर पर काला फीता बांधकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बैंक कर्मचारियों ने 5-डे बैंकिंग सहित अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया।

बैंककर्मी नेताओं ने बताया कि 24 सितम्बर को भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा, पुलिस लाइन के सामने शाम 05:30 बजे बैंककर्मी एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के संबंध में बैंक यूनियंस और बैंक मैनेजमेंट के बीच लिखित सहमति/समझौता हो चुका है, लेकिन इसके क्रियान्वयन की तारीख घोषित नहीं की जा रही है। यूनियंस का कहना है कि केवल मामले के विचाराधीन होने की बात कहकर आंदोलन को स्थगित करना संभव नहीं है।

तीन दिन की हड़ताल की तैयारी पूरी

राकेश पाण्डेय एवं क्षितिज पाठक ने कहा कि बैंक कर्मचारी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष कर रहे हैं। 28, 29 और 30 सितम्बर की तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए जिले में बैंकवार तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बैज बियरिंग कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नेतृत्व

बैज बियरिंग कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टेट बैंक में राजेश सिंह व गौरव गोयल, केनरा बैंक में आदर्श बाजपेई, अनुज सिंह व दीपक बाजपेई, बैंक ऑफ इंडिया में अनूप सिंह व वेदप्रकाश पांडे, पीएनबी में पंकज पांडे, अजय मेहरोत्रा व अखिलेश मिश्रा, यूनियन बैंक में कौशलेंद्र शुक्ल व अभिनव शुक्ला, इंडियन बैंक में आशीष मिश्रा व गौरव सिंह, सेंट्रल बैंक में श्रीमती वर्षा मेहरोत्रा व अपूर्व प्रताप सिंह, बैंक ऑफ बड़ौदा में अनादि ब्रम्ह, अनिल व धर्मेंद्र तथा ग्रामीण बैंक में संजीव यादव व विपिन कुमार ने नेतृत्व किया।



Leave a Reply

Required fields are marked *