दिल्ली में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

दिल्ली में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेस-3 में रविवार सुबह एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है।


CCTV में कैद हुई हत्या की वारदात

पुलिस को घटना से जुड़ा CCTV Footage मिला है। फुटेज में दो लोग दीवार के पीछे एक व्यक्ति पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। दोनों आरोपी युवक को बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं।


पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।


वारदात के समय को लेकर सामने आया अंतर

CCTV रिकॉर्डिंग के मुताबिक वारदात करीब सुबह 3:30 बजे की बताई जा रही है। वहीं मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने घटना करीब 4 से 4:30 बजे के आसपास देखी थी। ऐसे में घटना के सही समय को लेकर करीब एक घंटे का अंतर सामने आया है।


पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटना की पूरी टाइमलाइन स्पष्ट करने में जुटी है।


सिक्योरिटी गार्ड ने बताया आंखों देखा हाल

मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे दो युवक एक शख्स को लकड़ी से पीट रहे थे। उन्होंने आरोपियों को रोककर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों में से एक ने उन्हें धमकी दी।


इसके बाद नंदलाल वहां से हट गए और PCR कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला।


मृतक की पहचान और हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।


पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और क्या मृतक का आरोपियों से कोई पुराना विवाद था।

Leave a Reply

Required fields are marked *