कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन पर एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, 30 हजार लीटर ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव से मची अफरातफरी

कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन पर एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, 30 हजार लीटर ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव से मची अफरातफरी

कालेसर-जगदीशपुर फोरलेन पर शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एथेनॉल से भरा तेज रफ्तार टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर में करीब 30 हजार लीटर ज्वलनशील एथेनॉल भरा हुआ था, जिसके रिसाव की आशंका से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और एहतियात के तौर पर लखनऊ की तरफ जाने वाली लेन पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया गया।


यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बाघागाड़ा से 200 मीटर पश्चिम, तेनुआ टोल प्लाजा की ओर हुआ। असम के रहने वाले चालक मुस्लिम अली गुवाहाटी से एथेनॉल लेकर शाहजहांपुर जा रहा था, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था। हादसे के बाद वह टैंकर के अंदर ही फंस गया था, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग लगने का खतरा बहुत ज्यादा था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने तुरंत बिजली आपूर्ति काट दी और लोगों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से भी रोक दिया।


स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए फायर ब्रिगेड की टीम लगातार टैंकर पर पानी की बौछार कर उसे ठंडा करती रही। वहीं, एचपीसीएल (HPCL) के सेफ्टी सुपरवाइजर और टेक्निकल अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अपर जिलाधिकारी जयप्रकाश, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह और गीडा इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय ने स्थिति का जायजा लिया। गीडा पुलिस के अनुसार, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।

Leave a Reply

Required fields are marked *