नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा पर विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय बनाने की देशव्यापी मुहिम शुरू कर दी है। इस पहल का सीधा मकसद राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर शौचालयों की हालत सुधारना और लोगों को बेहतर स्वच्छता सुविधा देना है।
कैसे बदलेगी शौचालयों की तस्वीर?
NHAI ने बताया कि टोल प्लाजा पर अब तक बने पुराने शौचालय परिसरों की पूरी तरह मरम्मत की जाएगी और साथ ही जगह-जगह नए शौचालय भी बनाए जाएंगे। इन सभी के लिए एक तय मानक लागू किया जाएगा, ताकि हर जगह एक जैसी गुणवत्ता वाली सुविधा मिल सके। डिजाइन में मजबूत ढांचे के साथ-साथ टिकाऊ और हरित भवन निर्माण तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे ये शौचालय लंबे समय तक चल सकें।
रियल-टाइम निगरानी से रहेगी सफाई
सफाई और रखरखाव की गुणवत्ता को लगातार बरकरार रखने के लिए NHAI ने प्रदर्शन-आधारित अनुबंध व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत शौचालयों की देखरेख का ठेका उन्हीं को मिलेगा जो तय मानकों पर खरे उतरेंगे। इसके अलावा, हर शौचालय परिसर में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) पर आधारित लाइव टेलीमेट्री सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे रियल-टाइम निगरानी संभव होगी और किसी भी खराबी या गंदगी की सूचना मिलते ही तुरंत रखरखाव किया जा सकेगा।
