वॉट्सएप का बड़ा अपडेट, अब बिना ऐप डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो कॉल, मिलेंगी कई धांसू सुविधाएं

वॉट्सएप का बड़ा अपडेट, अब बिना ऐप डाउनलोड किए सीधे ब्राउजर से कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो कॉल, मिलेंगी कई धांसू सुविधाएं

नई दिल्ली। इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप वॉट्सएप ने मंगलवार को एक बड़ा अपडेट जारी करते हुए वेब-आधारित कॉलिंग की सुविधा शुरू कर दी है। इसका मतलब यह हुआ कि अब यूजर्स को अपने डेस्कटॉप या लैपटॉप पर कोई अलग से ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे सीधे अपने ब्राउजर से ही ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे।


कौन-कौन से नए फीचर मिलेंगे?

कंपनी ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया कि वेब कॉलिंग के जरिए आम कॉल के साथ-साथ ग्रुप कॉल की भी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यूजर्स स्क्रीन शेयर करने, रिएक्शन देने और अपनी कॉल हिस्ट्री व मनपसंद कॉन्टैक्ट्स के लिए अलग से ‘कॉल टैब’ का इस्तेमाल कर सकेंगे। सबसे खास बात यह है कि वॉट्सएप ने ‘कॉल ट्रांसफर’ का विकल्प भी दिया है, जिसकी मदद से आप किसी ग्रुप कॉल को बिना काटे मोबाइल से डेस्कटॉप पर या डेस्कटॉप से मोबाइल पर आसानी से शिफ्ट कर सकते हैं।


ग्रुप कॉल के लिए वेटिंग रूम की सुविधा

ग्रुप कॉल की सुरक्षा और मैनेजमेंट को बेहतर करने के लिए कंपनी ने ‘वेटिंग रूम’ फीचर भी पेश किया है। अब जब कोई कॉल लिंक इस सेटिंग के साथ बनाया जाएगा कि इसमें शामिल होने के लिए मंजूरी चाहिए, तो सभी प्रतिभागियों को एक वर्चुअल वेटिंग रूम में रखा जाएगा और वे तभी कॉल जॉइन कर पाएंगे, जब होस्ट उन्हें अनुमति देगा।


ऑडियो और वीडियो क्वालिटी में भी सुधार

कॉल की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए दो नई तकनीकी अपग्रेड भी किए गए हैं। पहला, ‘क्विकएचडी’ जो कॉल शुरू होते ही हाई-डेफिनिशन वीडियो देने में सक्षम है। दूसरा, ‘नॉइज सप्रेशन’ फीचर जो बैकग्राउंड के शोर-शराबे को दबाकर आवाज को एकदम साफ कर देता है। कंपनी का कहना है कि ये सारी नई सुविधाएं फिलहाल चरणबद्ध तरीके से यूजर्स तक पहुंचाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *