उत्तरप्रदेश
गुफरान ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक छोटे से शहर को एक पहचान दिला दी है ,तीन साल की कड़ी मेहनत लगन और अपनों के साथ ने गुफरान को एथलीट्स की दुनिया मे एक मुकाम हासिल करवाया ।
कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो छोटी जगह से निकलकर भी दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है। हरदोई शहर के बावन चुंगी निवासी 22 वर्षीय गुफरान ने इसी बात को सच कर दिखाया है। कभी ताइक्वांडो खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाने वाले गुफरान अब ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव भी हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग मंच पर हरदोई का नाम रोशन कर जिले के युवाओं को नई प्रेरणा दी है।
29 मई से 1 जून तक बंगलौर के केटीपीओ हॉल में आयोजित एक्सट्रीम प्रो इंडिया इंटरनेशनल लेवल प्रतियोगिता में भारत के साथ यूएई, स्पेन और जर्मनी समेत कई देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे। इस बड़े मंच पर गुफरान ने जूनियर बॉडी बिल्डिंग में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जूनियर क्लासिक फिजीक कैटेगरी में भी थर्ड पोजीशन प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि इस स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में पहचान बनाने वाले वह हरदोई के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
गुफरान बताते हैं कि उन्होंने सिर्फ तीन साल पहले बॉडी बिल्डिंग की शुरुआत की थी। शुरुआत आसान नहीं थी। लोगों ने ताने दिए, रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मेहनत नहीं छोड़ी। दिल्ली, पटना, लखनऊ, नोएडा, बंगलौर और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
ताइक्वांडो से शुरू हुआ यह सफर अब बॉडी बिल्डिंग के अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुका है। गुफरान का कहना है कि उनका अगला सपना भारत के लिए ओलंपिक मेडल जीतना है। आज हरदोई का यह बेटा हजारों युवाओं के लिए मिसाल बन चुका है कि मेहनत और जुनून हो तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है।
गुफरान को इस उपलब्धि के लिए उसके जिम ट्रेनर अरशद खान , उसके मित्र अमित चौधरी , तुषार आदि हित मित्रों ने बधाई दी और केक काटकर जश्न मनाया ।
Hardoi Gufran Bodybuilding InternationalPlayer HardoiPride FitnessMotivation SuccessStory IndianAthlete Taekwondo OlympicDream
