लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली में पढ़ने वाली एक छात्रा से लखनऊ में सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने की सनसनीखेज वारदात हुई है। इस मामले में दिल्ली के आनंद विहार जीआरपी (GRP) थाने में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज होने के बाद केस को अग्रिम कार्रवाई के लिए लखनऊ पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी रिश्तेदार
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1), 123, 127(3) और 351(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नामजद आरोपियों में जौनपुर निवासी शिवम यादव, सनी यादव और उनका एक अज्ञात दोस्त शामिल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता और मुख्य आरोपी पिछले 4-5 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और आपस में दूर के रिश्तेदार भी हैं।
गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
घटनास्थल सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र होने के कारण स्थानीय पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। आरोपियों की जल्द से जल्द धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
