कांग्रेस ने हिंदुओं की आस्था पर हमला किया’ सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा में बोले सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का यूपी में शुभारंभ किया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आस्था के प्रतीकों को सम्मानित करना है।
Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का यूपी में शुभारंभ किया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक धरोहर और आस्था के प्रतीकों को सम्मानित करना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और पूरे भारत में विकास की नीतियां लागू की गई हैं, जो देश की आस्था को मज़बूती प्रदान करती हैं।
सीएम योगी ने कहा, “भारत की आस्था पर लगातार हमले हुए हैं, लेकिन ये हमले हमारे विश्वास को डिगा नहीं पाए। 1,000 साल पहले सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण हुआ था, लेकिन भारत ने अपनी आस्था और संस्कृति को कभी भी नहीं छोड़ा।” उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण इसी आस्था की पुनः स्थापना है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिंदुओं की आस्था पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सोमनाथ मंदिर के निर्माण का विरोध किया था और हमेशा सनातन धर्म की परंपराओं को नुकसान पहुँचाने की कोशिश की।
सीएम ने प्रयागराज में भव्य महाकुंभ के आयोजन का भी जिक्र किया और इसे भारत की धार्मिक पहचान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देशवासियों में अपने धर्म और संस्कृति के प्रति गर्व की भावना जागृत करना है।
