मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब शिक्षामित्रों को 18 हजार रुपये और अंशकालिक अनुदेशकों को 17 हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। इससे पहले शिक्षामित्रों को 10 हजार और अंशकालिक अनुदेशकों को 9 हजार रुपये का मानदेय मिलता था। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि यह बढ़ा हुआ मानदेय 1 मई से लागू होगा।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 2017 में भाजपा की सरकार आने पर शिक्षामित्रों का मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था और अब इसे 18 हजार रुपये किया जा रहा है। प्रदेश में 27 हजार से अधिक अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हैं, जिनका मानदेय भी 9 हजार से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया।
कैबिनेट ने बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी। इसी के तहत छात्रों को वितरित करने के लिए 25 लाख टैबलेट खरीदने का प्रस्ताव भी पास किया गया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रदेश में अब तक 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं।
बलिया में नया मेडिकल कॉलेज
उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ योजना के तहत बलिया में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। यह कॉलेज कारागार विभाग की जमीन पर बनेगा और जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के अस्पताल के रूप में मर्ज किया जाएगा। 100 एमबीबीएस सीटों के लिए मान्यता मिलने के बाद कॉलेज का शैक्षणिक सत्र शुरू होगा। जिले में ट्रॉमा सेंटर और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। कॉलेज खुलने से स्थानीय स्तर पर मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
