लखनऊ में डेटिंग ऐप के नाम पर ब्लैकमेलिंग गैंग का भंडाफोड़, होटल में बुलाकर बनाते थे आपत्तिजनक वीडियो

लखनऊ में डेटिंग ऐप के नाम पर ब्लैकमेलिंग गैंग का भंडाफोड़, होटल में बुलाकर बनाते थे आपत्तिजनक वीडियो

लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। मुख्य आरोपी राजन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दोनों बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद उन्हें होटल में बुलाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लेते थे। फिर इन्हीं वीडियो के आधार पर पीड़ितों को डराकर उनसे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए जाते थे।

गिरोह काफी समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका था। पुलिस को इस मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है और इसके तार कहीं अन्य जिलों या राज्यों से तो नहीं जुड़े हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और अनजान लोगों के झांसे में आने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Required fields are marked *