भरी बैठक बसपा के इस बड़े नेता को उठा ले गयी सीबीआई
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के नाम पर कथित रिश्वतखोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है । इस मामले में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को सीबीआई ने नाटकीय अंदाज में हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है ।
जानकारी के मुताबिक, जिले के कछौना कस्बे के रामनगर रेलवे गंज मोहल्ले निवासी सुरेश चौधरी कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी केंद्र भी संचालित करते हैं । मंगलवार शाम वह कासिमपुर थाना क्षेत्र के मुसलमानाबाद सपहिया गांव में बसपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक कर रहे थे । इसी दौरान लखनऊ से सीबीआई की टीम पहुंची और अचानक दबिश देकर उन्हें घेर लिया ।
सीबीआई की टीम सुरेश चौधरी को हिरासत में लेकर सीधे कछौना रेलवे स्टेशन के रेलवे गार्ड रूम पहुंची, जहां शाम करीब 5:30 बजे से लेकर रात लगभग 12:15 बजे तक उनसे लंबी पूछताछ की गई । इस दौरान टीम ने उनके पास मौजूद दस्तावेजों और कागजातों को भी खंगाला और कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिये।
आरोप है कि बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ गांव की रहने वाली सीमा नाम की युवती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी रोजगार योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था । पीड़िता का आरोप है कि लोन पास कराने के बदले सुरेश चौधरी ने उससे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. इसकी शिकायत युवती ने सीबीआई से कर दी, जिसके बाद टीम ने पूरी रणनीति बनाकर हरदोई पहुंचकर यह कार्रवाई की।
BahujanSamajParty UttarPradesh CBI FraudAlert
