UP NEWS: गुरु जी बने नशे के सौदागर, पुलिस पूछताछ में खुली पोल, पढ़िए पूरी खबर

UP NEWS: गुरु जी बने नशे के सौदागर, पुलिस पूछताछ में खुली पोल, पढ़िए पूरी खबर

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एमडीएमए ड्रग्स बनाने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। खंदौली क्षेत्र में पुलिस ने एक केमिस्ट्री टीचर को गिरफ्तार किया है, जो भारी मात्रा में ड्रग्स तैयार करने की तैयारी कर रहा था। यह कार्रवाई खंदौली पुलिस और तेलंगाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की मुलाकात बड़े ड्रग्स माफियाओं से हुई थी। बैठक में जब ड्रग्स का सैंपल पास हो गया तो उसे कई किलो एमडीएमए ड्रग्स बनाने का ऑर्डर दिया गया था। इसके लिए उसे लाखों रुपये एडवांस भी दिए गए थे।

किराए के हॉल में चल रही थी तैयारी

पुलिस के अनुसार आरोपी मनोज आगरा के नगला मट्टू गांव में किराए के एक हॉल में एमडीएमए ड्रग्स तैयार करने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में केमिकल बरामद हुए हैं। बरामद सामग्री में करीब 450 लीटर डिस्टिल्ड वाटर, मिथाइल अमीन, हाइड्रोब्रॉमिक एसिड, एथिल एसीटेट, एसीटोन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और एथेनॉल जैसे रसायन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन केमिकल्स का इस्तेमाल एमडीएमए ड्रग्स बनाने में किया जाता है।

राजस्थान का शिक्षक बताया जा रहा मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क का मास्टरमाइंड राजस्थान का एक शिक्षक है। उसे तेलंगाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी मनोज मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है और वह जोधपुर के एक स्कूल में केमिस्ट्री शिक्षक के रूप में काम करता था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Required fields are marked *