उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण लखनऊ हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हो गया। हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से कौशांबी जा रहा था। केशव प्रसाद मौर्य के कार्यालय के अनुसार, हेलीकॉप्टर में अचानक धुआं भर जाने के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, अचानक ही उसमें तकनीकी समस्या आ गई। देखते ही देखते हेलीकॉप्टर के भीतर तेजी से धुआं भरने लगा, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
खतरे को भांपते हुए पायलट ने फौरन एटीसी से संपर्क किया और हेलीकॉप्टर को नजदीकी लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया। पायलट की सतर्कता की वजह से हेलीकॉप्टर को सुरक्षित लैंड करा लिया गया। राहत की बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हिंदू परंपरा में गायों का विशेष महत्व है और राज्य में कोई भी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
मौर्य ने कहा कि गौ माता में करोड़ों देवी-देवता विराजमान हैं, हम सब उनकी पूजा करते हैं और उत्तर प्रदेश में गौ माता को कोई खरोच भी नहीं पहुंचा सकता है। गायों के प्रति व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करने वाली स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की हालिया टिप्पणियों के बारे में सवालों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि संतों के चरणों में सदा प्रणाम करता हूं और ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की अक्सर आलोचना की है, उनका आरोप है कि सरकार राज्य में गोहत्या को प्रभावी ढंग से रोकने में विफल रही है। मौर्य ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त और सुरक्षित है। बिहार की राजनीति पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का फैसला बड़ा राजनीतिक निर्णय है। वहीं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वाराणसी के केदार घाट पर शुक्रवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करके छत्रपति शिवाजी की जयंती मनाई और ‘गौ माता के सम्मान’ के लिए संकल्प लिया।
