दिल्ली में अगले कुछ दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना: मौसम विभाग

दिल्ली में अगले कुछ दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना: मौसम विभाग

राष्ट्रीय राजधानी में अगले कुछ दिन आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिनभर शहर आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा और हल्की बूंदाबांदी हुई। न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है।


शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र ने शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि अन्य केंद्रों ने इससे अधिक वर्षा की सूचना दी।


आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रिज में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आया नगर में 3.2 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग ने 80.4 मिमी बारिश दर्ज की।


मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन शहर में आमतौर पर बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीबीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 77 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।

Leave a Reply

Required fields are marked *