उत्तरप्रदेश समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश सचिव अनिल सिंह वीरू को पार्टी की तरफ से अमेठी जिले की जगदीशपुर विधानसभा का निरीक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अनुमोदन पर की गई है। अनिल सिंह को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह की लहर है। पार्टी ने श्री सिंह को संगठन के सभी पदों, युवा व महिला संगठनों सहित अन्य इकाइयों की नियुक्तियों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही, यदि स्थानीय स्तर पर किसी प्रभावशाली व्यक्ति की नियुक्ति प्रस्तावित हो तो वह जिलाध्यक्ष, उपाध्यक्ष आदि के साथ चर्चा कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। उन्हें नए मतदाताओं के पंजीकरण, वोटर लिस्ट सुधार व संबंधित कार्यक्रमों के संचालन हेतु एक कमेटी गठित कर जिम्मेदारियां तय करने का कार्य सौंपा गया है। जातिगत आंकड़ों के विश्लेषण, विभिन्न समाजों के लोगों को पार्टी से जोड़ने व प्रभावशाली लोगों की सूची पार्टी नेतृत्व को सौंपने की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया के लिए एक सक्रिय टीम बनाना भी उनके कार्यों में शामिल होगा।
अनिल सिंह वीरू को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दी बड़ी जिम्मेदारी



