महिला आरक्षण बिल पर सियासत

महिला आरक्षण बिल पर सियासत

नए संसद भवन में मंगलवार से कामकाज शुरू हो रहा है। पुरानी संसद में सोमवार 18 सितंबर को कार्यवाही का अंतिम दिन था। उसी दिन महिला आरक्षण बिल को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी थी। जिसके बाद इसे नई संसद में पेश किया जाएगा। इस पर समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने प्रतिक्रिया दी है। जया बच्चन ने कहा,हमारी प्रतिक्षा ये है कि रेजोल्यूशन के अंदर रेजोल्यूशन होने चाहिए।

वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा,संपूर्ण मानवीय सभ्यता में परिवर्तन होने जा रहा है। इस देश में गेहूं के पहले दाने का अविष्कार महिला ने किया था किसी पुरुष ने नहीं किया था। अगर महिलाएं नहीं रही होती तो हमने उस घास से गेहूं बनाना नहीं सीखा होता।

वेदों की रचना में महिलाओं का योगदान

राज्यसभा सांसद ने कहा,पूरी मानव सभ्यता के विकास में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। हम जिन वेदों को पढ़ते हैं। उनके रचनाकारों में महिलाओं के नाम आते हैं। हमारी महिलाएं हर क्षेत्र में आगे रही हैं। हमने कैकई की चर्चा दूसरे संदर्भों में सुनी है। जब दशरथ जी रण में जा रहे थे तो उनके साथ कौन गया था। एक अच्छी योद्धा और एक अच्छी रणनीतिकार कैकई गई थी।

बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, जब दशरथ महाराज की रथ की धूरी टूट गई तो जो पुरुष नहीं कर सकता वो उस महिला ने किया था। रथ की धूरी में उन्होंने अपनी उंगली डाल दी और वो अधिक कष्ट को सहती रही लेकिन दशरथ जी को उन्होंने युद्ध हारने नहीं दिया। महिलाएं इसके लिए पहचानी जाती थीं। ये लक्ष्मीबाई का देश था न। इतिहासकारों ने महिलाओं के साथ बड़ा अन्याय किया था।

12 करोड़ घरों में शौचालय बना

उन्होंने कहा, एक लाख महिलाओं ने अपने देश की आजादी के लिए बलिदान किया था। जब आजादी मिली तो हमने कह दिया कि पूरी की पूरी आजादी एक परिवार की देन है। महिलाओं के साथ कभी भी न्याय नहीं हुआ था। इस लिए जब प्रधानमंत्री आए तो उन्होंने संपूर्ण परिवेश में परिवर्तन किया। आज स्वच्छ भारत योजना से 12 करोड़ घरों में शौचालय है।

राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा, हमने महिला आरक्षण बिल को लेकर कदम उठाया है। देश की महिलाओं ने हमें सत्ता दी है। कोई भी सत्ता बिना देश के महिलाओं के समर्थन के नहीं आती है। महिलाओं का इस देश के प्रधानमंत्री पर अटूट विश्वास है। कल मैं एक चैनल देख रहा था। जिसमें पत्रकार महोदय एक महिला को उकसा रहे थे, वो गांव की महिला थी। उसने कहा कि हमके खाली मोदी जी चाहीं।

सोनिया गांधी बोलीं- महिला आरक्षण बिल कांग्रेस का दिया हुआ है

महिला आरक्षण बिल पर अब पार्टियों के बीच क्रेडिट लेने की होड़ मच गई है। सोनिया गांधी मंगलवार को संसद भवन पहुंचीं। मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला आरक्षण बिल कांग्रेस का दिया हुआ है। बीजेपी सांसदों का कहना है कि मोदी है तो मुमकिन है। बता दें कि संसद में महिलाओं के आरक्षण का प्रस्ताव करीब 3 दशक से पेंडिंग है। यह मुद्दा पहली बार 1974 में महिलाओं की स्थिति का आकलन करने वाली समिति ने उठाया था।

यूपी विधानसभा में 12 फीसदी महिला सदस्य

अगर आंकड़ों की बात करें तो लोकसभा में इस वक्त 543 में 78 महिला सांसद हैं। जबकि राज्यसभा में 238 सदस्यों में से 31 महिला सांसद हैं। उत्तर प्रदेश से लोकसभा में 11 महिला सांसद हैं और राज्यसभा में यूपी से 6 महिला सांसद हैं। वहीं यूपी विधानसभा में करीब 12 प्रतिशत महिला सदस्य हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *