New Delhi: अखंड भारत से लेकर समुद्र मंथन तक, नए संसद में लगीं प्राचीन भारत को दर्शाती ये खास कलाकृतियां, Pakistan, Nepal की बढ़ी टेंशन, पाक ने भारत को बताया विस्तारवादी

New Delhi: अखंड भारत से लेकर समुद्र मंथन तक, नए संसद में लगीं प्राचीन भारत को दर्शाती ये खास कलाकृतियां, Pakistan, Nepal की बढ़ी टेंशन, पाक ने भारत को बताया विस्तारवादी

भारत की नयी संसद में अखंड भारत का भित्तिचित्र क्या लगा, हमारे पड़ोसी देशों- पाकिस्तान और नेपाल में बवाल हो गया है। पाकिस्तान टेंशन में आ गया है तो नेपाल ने भी इस पर आपत्ति जता दी है। इस बीच, भारत ने नये संसद भवन में एक भित्तिचित्र पर नेपाल और पाकिस्तान में कुछ चिंताओं की पृष्ठभूमि में कहा कि यह भित्तिचित्र प्रागैतिहासिक अशोक साम्राज्य के प्रसार को दर्शाता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मीडिया ब्रीफिंग में भित्तिचित्र को एक ऐसी कृति बताया जो प्रागैतिहासिक अशोक साम्राज्य के प्रसार को चित्रित करती है। इस मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘उक्त भित्तिचित्र अशोक साम्राज्य के प्रसार को और जिम्मेदार तथा जन-हितैषी शासन के उस विचार को रेखांकित करता है जिसे उन्होंने (सम्राट अशोक ने) अपनाया था और प्रसारित किया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही बात भित्तिचित्र के सामने लगी पट्टिका में लिखी है। मुझे इस बारे में वाकई और कुछ नहीं कहना। मैं उन बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करूँगा जो अन्य नेताओं ने दिये हो सकते हैं।’’ 

हम आपको बता दें कि इस भित्तिचित्र पर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया है जिसे ‘अखंड भारत’ का मानचित्र बताया जा रहा है। नये संसद भवन में लगाये गये भित्तिचित्र में भारतीय इतिहास के महत्वपूर्ण साम्राज्यों और शहरों को अंकित किया गया है और इसमें तत्कालीन तक्षशिला (इस समय के पाकिस्तान में) में प्राचीन भारत के प्रभाव को दर्शाया गया है। नेपाल में कुछ नेताओं ने भित्तिचित्र पर कड़ा ऐतराज जताया और कुछ ने तो अपने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड से भारत के साथ इस मुद्दे को उठाने को कहा। हम आपको बता दें कि नेपाली प्रधानमंत्री प्रचंड इस समय भारत यात्रा पर हैं। हालांकि विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि प्रचंड ने अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत में भित्तिचित्र के मुद्दे को नहीं उठाया। बागची ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि क्या नेपाल में इस मामले में प्रदर्शन हो रहे हैं।

हम आपको बता दें कि रिपोर्टों के मुताबिक नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई ने बृहस्पतिवार को कहा था कि नये संसद भवन में ‘अखंड भारत’ के भित्तिचित्र में उसके निकट पड़ोस में प्राचीन भारत के प्रभाव को दर्शाने से अनावश्यक कूटनीतिक विवाद पैदा हो सकते हैं। उधर, पाकिस्तान भी भारत की नयी संसद में अखंड भारत के भित्तिचित्र को देखकर आग बबूला हो गया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने कहा है कि भारतीय संसद में लगाये गये प्रचीन भारत के भित्तिचित्र में पाकिस्तान और अन्य पड़ोसी देशों के इलाके को भी दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अखंड भारत के विचार से बहुत चिंतित है और भाजपा नेताओं के बयानों से बहुत चिंतित है। पाकिस्तान ने कहा है कि अखंड भारत का भित्तिचित्र लगाया जाना भारत की विस्तारवादी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत पड़ोसी देशों, धार्मिक अल्पसंख्यकों की विचारधारा और संस्कृति को पराजित करना चाहता है। हम आपको बता दें कि नयी संसद भवन में लगाये गये इस भित्तिचित्र के सामने आने के बाद भाजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं दी थीं।


 q6323b
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *