Kolkata: कोलकाता की साइंस सिटी में ब्रह्मोस, पृथ्वी समेत छह मिसाइलों की प्रतिकृतियां प्रदर्शित

Kolkata: कोलकाता की साइंस सिटी में ब्रह्मोस, पृथ्वी समेत छह मिसाइलों की प्रतिकृतियां प्रदर्शित

कोलकाता की साइंस सिटी स्थित मिसाइल पार्क में दर्शकों के लिए ब्रह्मोस, पृथ्वी और चार अन्य मिसाइलों की वास्तविक आकार वाली प्रतिकृतियां प्रदर्शित की गयी है। एक अधिकारी ने बताया कि यह रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की महान प्रगति को प्रदर्शित करने की कवायद का हिस्सा है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई ‘सेंटर फॉर मिलीमीटर-वेव सेमीकंडक्टर डिवाइसेज एंड सिस्टम्स’ (सीएमएसडीएस) और कोलकाता की साइंस सिटी ने संयुक्त रूप से यह मिसाइल पार्क विकसित किया है ताकि लोगों को इन प्रतिकृतियों के जरिए देश के मिसाइल विकास कार्यक्रम से अवगत कराया जाए।

भारत के ‘मिसाइल मैन’ पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम की एक प्रतिमा भी पार्क में स्थापित है। जब कोई दर्शक प्रतिमा के सामने आकर खड़ा होता है तो एक ऑडियो कमेंट्री अपने आप चालू हो जाती है जो देश के मिसाइल कार्यक्रम की जानकारी देती है। साइंस सिटी के निदेशक अनुराग कुमार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘लोग गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान अपने टेलीविजन सेट पर आमतौर पर जो देखते हैं, वे अब साइंस सिटी में देख सकते हैं।

हमने दर्शकों को मिसाइल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की महान प्रगति की जानकारी देने के लिए मिसाइलों की प्रतिकृतियों के साथ एक मिसाइल पार्क स्थापित किया है। हमें उम्मीद है कि यह मिसाइल पार्क युवाओं को विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।’’ यह पार्क 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर खोला गया। इसमें लोग भारत की छह महत्वाकांक्षी मिसाइलों ब्रह्मोस, पृथ्वी, मिशन शक्ति, आकाश, अस्त्र और नाग की प्रतिकृतियां देख सकते हैं।


 og4rci
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *