Lucknow: विधान परिषद से सपा सदस्यों ने किया वॉकआउट, योगी बोले- पहले संगठित अपराध के साथ पैरलल सरकार चलती थी, 6 साल में UP की पहचान बदली

Lucknow: विधान परिषद से सपा सदस्यों ने किया वॉकआउट, योगी बोले- पहले संगठित अपराध के साथ पैरलल सरकार चलती थी, 6 साल में UP की पहचान बदली

यूपी विधानसभा सत्र के 10वें दिन विधान परिषद से समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने दिनभर के लिए वॉकआउट कर दिया। सीएम योगी ने बजट पर संबोधन दिया। CM ने कहा, 2017 के पहले संगठित अपराध के साथ पैरलल सरकार चलती थी। बहन बेटियों को सुरक्षा का खतरा था। आज 6 वर्ष में यूपी की पहचान बदली। नौजवान आज गर्व से कहता है कि वह उत्तर प्रदेश का है। आज बेहतर लॉ एंड ऑर्डर है। बेहतर कनेक्टिविटी है। हमने सेक्टोरियल पॉलिसी बनाई। एंटी भू माफिया टास्क फोर्स का गठन किया गया। आज हमारे पास भारी भरकम लैंड बैंक मौजूद है।

पहले इन्वेस्टर समिट दिल्ली, मुंबई में होते थे

CM योगी ने कहा, इन्वेस्टमेंट के लिए पहली बार टीम यूपी देश के बाहर गई। देश के अलग अलग महानगरों में रोडशो किया गया। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में निवेश समिट का आयोजन हुआ।

इसी के साथ प्रदेश में जी-20 का भी आयोजन हुआ। प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन हुआ। पहले इन्वेस्टर समिट दिल्ली, मुंबई में होते थे। 33 लाख के निवेश प्रस्ताव उत्तर प्रदेश के हर क्षेत्र के लिए आए।

एक्साइज के पैसे पहले ऑस्ट्रेलिया में टापू खरीदने में जाता था: CM

CM योगी ने कहा, ये बजट समग्र विकस के लिए आत्मनिर्भर बनाने वाला है। वन ट्रिलियन इकॉनमी के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। हमने जो कहा, कर के दिखा दिया। इस बजट में हमने लोक कल्याण संकल्प पत्र के वादों को शामिल किया है। स्टेट एक्साइज में आज 45 हजार करोड़ का लाभ प्राप्त हो रहा है। ये पैसे प्रदेश के थे। ये पहले इंग्लैंड में होटल और ऑस्ट्रेलिया में टापू खरीदने में चला जाता था।

सदन की कार्रवाई में शामिल होने से पहले मीडिया से केशव प्रसाद मौर्य, आराधना मिश्रा मोना ने की बातचीत

आराधना बोलीं- सरकार को सच का आइना देख लेना चाहिए

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेत्री आराधना मिश्रा मोना ने कहा- प्रयागराज में दिनदहाड़े मौत के घाट उतार दिया। हत्यारों ने बेहतर तरीके से घटना को अंजाम दिया। सरकार को सच का आइना देख लेना चाहिए। यूपी में कौन-सा ऐसा दिन है, जिस दिन अपराधी घटना करके सलामी नहीं देते हैं। ODOP में कितना निवेश हुआ। सरकार कितनी गंभीर है। कानून व्यवस्था और अर्थव्यवस्था पर सरकार असफल हो चुकी है। तीनों राज्यों के नतीजे आने पर समीक्षा की जाएगी।

केशव बोले- गुंडा माफिया ने प्रदेश को कब्जा करके रखा था

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में लगे 2 जवानों की शहादत हुई है। 3 हत्या करने वाले अपराधियों को खोज निकालना पुलिस की ड्यूटी है। अपराधी चाहे जहां छिपे हों उनको खोज निकालेंगे। उनके आगे-पीछे, ऊपर-नीचे जो होंगे, उनकी भी जांच होगी। कोई अवैध निर्माण करता है तो वह गलत है। देश और प्रदेश जानता है कि सपा ने अपराधियों को प्रश्रय दिया है। गुंडा माफिया ने प्रदेश को कब्जा करके रखा था। विपक्ष की हिम्मत है तो बोल कर दिखाएं कि अपराधियों के साथ नहीं खड़े है।

Leave a Reply

Required fields are marked *