UP: BJP की नई टीम का जल्द ऐलान; दो कार्यकाल पूरा कर चुके पदाधिकारी हटाए जाएंगे, अप्रैल तक मिल सकती है जिम्मेदारियां

UP: BJP की नई टीम का जल्द ऐलान; दो कार्यकाल पूरा कर चुके पदाधिकारी हटाए जाएंगे, अप्रैल तक मिल सकती है जिम्मेदारियां

उत्तर प्रदेश बीजेपी संगठन की नई टीम का एलान जल्द हो सकता है। पार्टी के सूत्र बताते हैं कि नई टीम बनाए जाने को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से आखिरी दौर की चर्चा होना बाकी है। ये भी माना जा रहा है कि पिछले 2 बार से प्रदेश संगठन में पद पाने वाले सभी पदाधिकारियों को हटाया जाएगा। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय टीम और जिला अध्यक्ष के पदाधिकारी भी शामिल है। बीजेपी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की नई टीम कई नए चेहरों को जगह मिलेगी। अप्रैल में प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष का दूसरा कार्यकाल दिया गया है। उसके बाद गठित होने वाली नई टीम में यूपी के कुछ नेताओं को पदाधिकारी बनाया जा सकता है। वहीं कुछ मौजूदा पदाधिकारियों को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। राष्ट्रीय टीम के लिए योगी मंत्रिमंडल से बाहर हुए नेता भी दौड़ में हैं।

आगे पढ़ते हैं कि प्रदेश संगठन में क्या संभावित बदलाव होंगे...

प्रियंका रावत और अमर पाल मौर्य का बढ़ेगा कद: बीजेपी के सूत्र बताते हैं कि रायबरेली जिले के ऊंचाहार विधान सभा से 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य को छह संभावित नामित होने वाले एमएलसी बनाया जाएगा। लगातार स्वामी प्रसाद मौर्य के द्वारा रामचरितमानस पर बयान दिया जा रहा है। धर्म बनाम जाति की राजनीति को देखते हुए बीजेपी अमरपाल मौर्य का कद बढ़ाएगी। बीजेपी अमरपाल मोर को एमएलसी बनाने के साथ ही योगी सरकार के आगामी मंत्रिमंडल में भी जगह देखकर मौर्य समाज वोट बैंक को साधने का पूरा प्रयास कर सकती है। वहीं दूसरी तरफ बाराबंकी की पूर्व सांसद और प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत को एमएलसी बनाया सकता है। समाज कल्याण मंत्री रहे रमापति शास्त्री की जगह आगामी मंत्रिमंडल में प्रियंका रावत को मंत्री बनाकर दलित महिला कार्ड के तौर पर उन्हें अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।

पुरानी टीम के सदस्यों में एमएलसी और मंत्री बन चुके पदाधिकारी हटेंगे

सूत्रों का कहना है कि यह भी तैयारी है कि जो जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष या पदाधिकारी एमएलसी, विधायक या मंत्री बन चुके हैं, उन्हें भी बदला जाएगा। गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष धमेंद्र सिंह भी एमएलसी बन चुके हैं। प्रदेश पदाधिकारियों में महामंत्री जेपीएस राठौर, उपाध्यक्ष एके शर्मा और दयाशंकर सिंह, ओबीसी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप सरकार में मंत्री बन चुके हैं। वहीं कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष अविनाश चौहान, महोबा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर एमएलसी बन चुके हैं। इन्हें भी संगठन की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा। भाजपा के कई प्रदेश संगठन पदाधिकारी भी एमएलसी और विधायक हैं, उनके नाम भी संगठन से बाहर किए जा सकते हैं।

यूपी बीजेपी के चार क्षेत्रीय अध्यक्ष और 26 जिला अध्यक्ष बदले जाने की संभावना

भाजपा प्रदेश संगठन ने जो सूची तैयार की है, उसमें करीब 26 जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जो पांच साल से ज्यादा वक्त से इस पद पर कायम हैं। अकेले अवध क्षेत्र में लखनऊ के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, बहराइच के श्यामकरन टेकरीवाल, हरदोई के सौरभ मिश्र, कन्नौज के नरेंद्र राजपूत, झांसी के जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा, हमीरपुर के बृज किशोर गुप्ता, वाराणसी के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, अमेठी के जिलाध्यक्ष दुर्गेश, सुलतानपुर के जिलाध्यक्ष आरए वर्मा के साथ पश्चिम यूपी के भी कई जिला और महानगर अध्यक्ष दो कार्यकाल पूरे कर चुके हैं। कुछ जिलाध्यक्ष तो आठ या दस साल से जिलाध्यक्ष या महानगर अध्यक्ष पद पर ही कायम हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्षों में काशी क्षेत्र के महेश श्रीवास्तव, कानपुर क्षेत्र के मानवेंद्र सिंह, बृज क्षेत्र के रजनीकांत माहेश्वरी भी दो कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि इन सभी को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है, पर मौजूदा पद से बदले जाने की तैयारी है।

संगठन में बदलाव प्रस्तावित

भूपेंद्र सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में बदलाव प्रस्तावित है। इसकी पूरी सूची तैयार कर ली गई है। लंबे वक्त से जिम्मेदारी संभाल रहे जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। उन्हें संगठन में और जिम्मेदारी दी जा सकती है। बदलाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व की सहमति का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही बदलाव होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा में भी नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती की जाएगी। पार्टी की प्रदेश टीम से लेकर मंडल और वार्ड स्तर तक बड़ा बदलाव होगा। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद संगठन में नई नियुक्तियां की जाएंगी।


 jesy01
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *