मेरठ: बारात में घुसी कार, दूल्हे के भाइयों समेत-3 की मौत, 6 घायल

मेरठ: बारात में घुसी कार, दूल्हे के भाइयों समेत-3 की मौत, 6 घायल

मेरठ में बुधवार रात बारात में बेकाबू कार घुस गई। हादसे में दूल्हे के दो चचेरे भाई समेत 3 की मौत हो गई। जबकि 6 घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब बाराती नाचते-गाते दूल्हन के दरवाजे पहुंचे थे। वहां बारात गेट पर ही थी। तभी अचानक तेज रफ्तार कार आई। बरातियों को रौंदते हुए निकल गई। हादसा जानी इलाके में बागपत रोड के बाफर गांव का है।

दरअसल, सिसौला खुर्द गांव में रहने वाले प्रभात चौधरी की शादी किठौली की रहने वाली प्रिया से हुई थी। बुधवार को प्रभात बारात लेकर बाफर गांव पहुंचे। यहां विवाह मंडप में शादी का कार्यक्रम था। बुधवार रात करीब 10 बजे बाराती, बारात लेकर मैरिज हॉल पहुंचे। वहां मैरिज हॉल के सामने ही द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था। बाराती DJ पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान, मेरठ की ओर से आई तेज रफ्तार मारुति ईको कार बारातियों के बीच घुस गई। कई लोगों को कुचलते हुए आगे जाकर रुक गई।

एकाएक बारात में कार के घुसने से वहां चीख-पुकार मच गई। पलक झपकते ही पूरा माहौल बदल गया। नाचते-गाते बाराती, खून से लथपथ जमीन पर गिरे नजर आ रहे थे। किसी को कुछ समझ ही नहीं आया। भगदड़ जैसा माहौल हो गया। आनन-फानन में सभी घायलों को पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।

कार ड्राइवर को पकड़ा, बुरी तरह पीटा...फिर पुलिस को सौंपा

बारातियों को रौंदते हुए कार आगे जाकर टकराकर रुक गई। बारातियों और ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। उसकी बुरी तरह पिटाई की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। उन्होंने चालक को भीड़ से छुड़ाने की कोशिश की। लेकिन, गुस्साए लोग उसे छोड़ने को तैयार नहीं थे। बड़ी मुश्किल से पुलिस के सीनियर अफसरों ने पब्लिक को समझाया। उनको शांत किया। इसके बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया।

12वीं के छात्र समेत 3 की मौत

जानी थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में एक छात्र समेत तीन की मौत हुई है। मृतकों में दूल्हे के भाई वरुण और विकास की मौत हो गई। दोनों दूल्हे के रिश्ते में चेचेरे भाई थे। दोनों सिसौला खुर्द के रहने वाले थे। वरुण 12वीं का छात्र था। जबकि विकास किसान था। तीसरा मृतक का नाम महेंद्र है। उसकी उम्र 40 साल है। वह बुलंदशहर का रहने वाला है। गाजियाबाद से बारात में शामिल होने के लिए मेरठ आया था।

ड्राइवर नशे में था क्या?

पुलिस ने अभी ड्राइवर के बारे में जानकारी नहीं दी है। क्या ड्राइवर नशे में था? इस सवाल के जवाब में जानी थाना प्रभारी कहते हैं कि उससे पूछताछ की जा रही है। मारपीट में उसको चोट आई हैं। मेडिकल कराया जा रहा है।

देर रात दुल्हन की हुई विदाई

बारात में तीन लोगों की मौत के बाद पूरा माहौल गमगीन हो गया। ज्यादातर बाराती पोस्टमॉर्टम हाउस और हॉस्पिटल पहुंच गए। दूल्हन पक्ष के लोगों को भी कुछ समझ नहीं आ रहा था। आखिर में कुछ चुनिंदा रस्मों को करवाकर रात में ही दुल्हन की विदाई कर दी गई।


 zp80gl
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *