दूसरी पार्टी से आए नेता कांग्रेस में नहीं बनेंगे जिलाध्यक्ष

दूसरी पार्टी से आए नेता कांग्रेस में नहीं बनेंगे जिलाध्यक्ष

राजस्थान में कांग्रेस अब जल्द ही जिलाध्यक्षों की नियुक्ति करेगी। राजस्थान से कांग्रेस के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि अगले 2 दिन में इस पर फाइनल एक्सरसाइज शुरू हो जाएगी।

इसके बाद कांग्रेस के रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले ही जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक कांग्रेस का अधिवेशन होना है।

रंधावा फिलहाल राजस्थान में कोटा के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि अधिवेशन से पहले जिलाध्यक्षों की लिस्ट आएगी।

MLA की तरह बाहर का व्यक्ति नहीं बनेगा

रंधावा ने कहा कि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए कई आधार पर एक्सरसाइज हो रही है। उन्होंने कहा कि अभी लिस्ट तैयार नहीं है और नामों की घोषणा बाकी है। रंधावा ने कहा कि नामों पर एक्सरसाइज अलग से चल रही है। इसे लेकर यह तय है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को जिलाध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा।

रंधावा ने कहा कि जिलाध्यक्ष बनाते समय हम ये देखेंगे कि व्यक्ति का DNA कम से कम कांग्रेस का होना चाहिए। संगठन बनाते समय हम इन बातों का ध्यान रखेंगे।

रंधावा ने साफ तौर पर कहा कि दूसरी पार्टी से आकर बाहरी व्यक्ति विधायक बन सकता है। मगर संगठन में हम कांग्रेस के ही पुराने लोगों को मौका देंगे।

जातिगत समीकरण भी हमें साधना होगा

रंधावा ने कहा कि जिलाध्यक्षों के नाम तय करने को लेकर हम जातिगत समीकरण को भी ध्यान में रख रहे हैं। रंधावा ने बताया कि राजस्थान में जातिगत समीकरण काफी मायने रखता है, इसलिए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति जातिगत फैक्टर को देखते हुए होगी। इसके लिए हम अलग से कवायद करेंगे।

रंधावा ने कहा कि जातिगत फैक्टर और कांग्रेस का डीएनए हमारे लिए सबसे बड़ा फैक्टर होगा।

42 जिलाध्यक्ष बनाएगी कांग्रेस

रंधावा कह चुके हैं कि रायपुर अधिवेशन शुरू होने से पहले नियुक्तियां कर दी जाएगी। कांग्रेस राजस्थान में 42 जिलाध्यक्ष घोषित करने वाली है। इसमें से लगभग 35 जिलाध्यक्ष कांग्रेस नए नियुक्त कर सकती है। कांग्रेस ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह तय किया था कि 180 दिनों के भीतर तमाम नियुक्तियां होंगी।

मगर, राजस्थान में यह मियाद पूरी हो गई। ऐसे में कांग्रेस कोशिश करेगी कि रायपुर अधिवेशन से पहले कम से कम जिलाध्यक्षों की एक लिस्ट बाहर आ जाए।

61 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति बाकी

राजस्थान में कांग्रेस ने संगठनात्मक नियुक्तियों की शुरुआत 4 जनवरी से कर दी थी। कांग्रेस ने सबसे पहले 100 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए थे।

तब से अब तक 5 लिस्ट जारी कर कांग्रेस 339 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त कर चुकी है। अब जो 61 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त होना बाकी हैं, ये वो ब्लॉक हैं जहां गुटबाजी, खींचतान सहित कई समीकरणों के चलते नामों पर विवाद है।

कांग्रेस को सियासी बवाल का खतरा

राजस्थान में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कांग्रेस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। राजस्थान में खींचतान और गुटबाजी चरम पर है।

सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक-दूसरे पर अप्रत्यक्ष रूप से हमलावर हैं। ऐसे में इन नियुक्तियों में भी इस खींचतान के चलते सियासी बवाल होने की संभावना है।

यही वजह है कि कांग्रेस ने लंबे समय से ये नियुक्तियां पूरी नहीं की हैं। जबकि 2.5 साल से ज्यादा समय से निवर्तमान पदाधिकारियों के बूते ही कांग्रेस चल रही है।

जुलाई 2020 में भंग हो गई थी कार्यकारिणी

जुलाई 2020 में पायलट खेमा सरकार से बगावत कर मानेसर चला गया था। उसके ठीक बाद कांग्रेस ने राजस्थान में पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। उसके बाद सिर्फ पीसीसी अध्यक्ष और कुछ पदाधिकारी नियुक्त किए गए।

वहीं जिलास्तर पर पुरानी टीमें ही काम करती रही। दिसम्बर 2021 में जरूर कांग्रेस ने 13 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए थे। मगर इनमें से भी 5 लोगों से इस्तीफे ले लिए गए। ऐसे में राजस्थान कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन में नए बदलाव के इंतजार में हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *