फिल्मों का बॉयकॉट गलत ऐसा होना नहीं चाहिए:फिल्म पठान के विवाद पर केंद्रीय मंत्री बोले- इससे देश का माहौल खराब होता है

फिल्मों का बॉयकॉट गलत ऐसा होना नहीं चाहिए:फिल्म पठान के विवाद पर केंद्रीय मंत्री बोले- इससे देश का माहौल खराब होता है

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को देश में फिल्मों के बॉयकॉट कल्चर को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमारी फिल्में आज दुनिया में अपना नाम बना रही हैं। ऐसे में जब फिल्मों की बॉयकॉट की बातें सामने आती हैं तो माहौल खराब होता है। उन्होंने आगे कहा कि कभी-कभी माहौल खराब करने के लिए कुछ लोग पूरी जानकारी रखे बिना कमेंट कर देते हैं। इससे दिक्कत होती है। ऐसा नहीं होना चाहिए।

मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब शाहरुख-दीपिका की फिल्म पठान के एक गाने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर बॉयकॉट ट्रेंड भी चलाया गया था। इससे पहले अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज, आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा और दीपिका पादुकोण की पद्मावत को भी बॉयकॉट ट्रेंड का सामना करना पड़ा था।

फिल्म से समस्या है तो सेंट्रल बोर्ड के पास जाएं

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन बना रखा है कि कोई भी फिल्म थिएटर में जाएगी तो वो वहां से पास होकर ही जाएगी। वे सभी पहलुओं पर नजर रखते हैं। वहां से अनुमति के बाद वे थिएटर में आती है। अगर किसी फिल्म को लेकर कोई समस्या है तो सबसे पहले उन्हें संबंधित विभाग से बात करनी चाहिए, जो इसे प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के सामने उठाएगा।

OTT कंटेंट के 95% शिकायतों का सॉल्यूशन कर लिया जाता है

दरअसल, केंद्रीय मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (SCO) फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन करने के लिए मुंबई में हैं। इसमें 8 यूरेशियन देशों के रीजनल ग्रुप से 58 फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा। शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने OTT कंटेंट को लेकर भी अपनी बात रखी। ठाकुर ने कहा कि क्रिएटिविटी पर किसी तरह का बैन नहीं लगाना चाहिए। सूचना और प्रसारण मंत्रालय को OTT प्लेटफार्मों पर कंटेंट के बारे में कई शिकायतें मिलती हैं, लेकिन करीब 95% शिकायतों का सॉल्यूशन प्रोड्यूसर के लेवल पर ही कर लिया जाता है। बाकी बची प्रॉब्लम को पब्लिशर्स की एसोसिएशन के साथ मिलकर सुलझा लिया जाता है।

PM मोदी भी फिल्मों पर गलत बयानबाजी पर जता चुके हैं आपत्ति

बता दें कि हाल ही में PM मोदी ने भी अपने मंत्रियों से फिल्मों पर गैरजरूरी बयानबाजी से बचने को कहा था। 17 जनवरी को दिल्ली में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में PM मोदी ने पार्टी नेताओं को कहा कि मुसलमानों और फिल्मों पर अनावश्यक बयानबाजी नहीं करें। कई के बयान अमर्यादित होते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। किसी भी जाति-संप्रदाय के खिलाफ बयान नहीं देना चाहिए।

फिल्म पठान की शानदार शुरुआत के बाद शाहरुख ने Gattaca मूवी की कुछ लाइनें शेयर ट्विटर पर शेयर की। उन्होंने लिखा- मैंने वापस तैरने के लिए कुछ भी नहीं बचाया। मुझे लगता है कि लाइफ थोड़ी सी ऐसी ही है। आप अपनी वापसी की प्लानिंग बनाने के लिए नहीं बने हैं। आप आगे बढ़ने के लिए हैं। वापस मत आइए। जो तुमने शुरू किया था, उसे पूरा करने की कोशिश करो। यह सिर्फ एक 57 साल वाले की सलाह है।

फिल्म पठान पर क्यों हो रहा है विवाद?

पठान के गाने बेशरम रंग में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी है। विरोध करने वालों का कहना है कि भगवा रंग हिंदू धर्म का प्रतीक है और दीपिका इस रंग के कपड़े पहन कर बेशरम रंग के बोल वाले गाने पर डांस कर रही हैं जो कि काफी आपत्तिजनक है। भगवा जैसे पवित्र रंग का प्रयोग बिकिनी के लिए करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी को लेकर विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिन्दू संगठनों ने फिल्म पर बैन लगाने की मांग की है।

शाहरुख खान की फिल्म पठान ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 55 करोड़ की बंपर ओपनिंग की। बॉलीवुड के इतिहास की फर्स्ट डे पर सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले ऋतिक रोशन की फिल्म वॉर ने 51.6 करोड़ का फर्स्ट डे कलेक्शन किया था। उधर, पठान ने दुनियाभर में 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया।





 32t60u
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *