न्यूजीलैंड की PM जैसिंडा 7 फरवरी को देंगी इस्तीफा:भावुक स्पीच दी- बड़े जॉब के साथ, बड़ी जिम्मेदारियां,अगले टर्म के लिए तैयार नहीं हूं

न्यूजीलैंड की PM जैसिंडा 7 फरवरी को देंगी इस्तीफा:भावुक स्पीच दी- बड़े जॉब के साथ, बड़ी जिम्मेदारियां,अगले टर्म के लिए तैयार नहीं हूं

न्यूजीलैंड में इसी साल अक्टूबर होने वाले चुनावों से पहले अचानक प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। वो 7 फरवरी को PM और लेबर पार्टी प्रमुख का पद छोड़ देंगी। इसी महीने 22 जनवरी को उनकी जगह नया पार्टी चीफ चुना जाएगा। डिप्टी प्राइम मिनिस्टर ग्रांट रॉबर्टसन ने कहा कि वे पार्टी प्रमुख के लिए अपनी दावेदारी पेश नहीं करेंगे।

नेपियर में लेबर पार्टी के प्रोग्राम में उन्होंने इस्तीफे की बात कही। अपनी स्पीच के दौरान जैसिंडा भावुक हो गईं। उन्होंने कहा- मैं यह महसूस कर रही हूं कि मैं अगले कार्यकाल के लिए तैयार नहीं हूं। ऐसी बड़ी जॉब के साथ जिम्मेदारी भी बड़ी होती है।

जैसिंडा बोलीं, अब वक्त आ गया है। मेरे पास अब इतनी हिम्मत नहीं है कि 4 साल और नेतृत्व करूं। मैं इसलिए नहीं जा रही कि मुझे लगता है हम अगला इलेक्शन नहीं जीत सकते। मैं इसलिए जा रही हूं क्योंकि मुझे भरोसा है, हम जीत सकते हैं और हम जीतेंगे। मेरा इस्तीफा 7 फरवरी के बाद लागू हो जाएगा।

इस्तीफे के पीछे कोई सीक्रेट नहीं है। मैं भी इंसान हूं। मैं जितना कर सकती थी, उतना किया। जितने समय तक कर सकती थी, किया। और अब वक्त आ गया है कि मैं इस्तीफा दे दूं।

किसी देश का नेतृत्व करना बेहद गौरवपूर्ण काम है। साथ ही यह चुनौतीभरा है। आप तब तक इसे नहीं कर सकते या करना चाहिए, जब तक आपके पास पूरे संसाधन न हों ताकि आप अचानक आई चुनौतियों से निपट सकें। पिछले साढ़े पांच साल मेरे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण साल रहे। मैं इसलिए इस्तीफा दे रही हूं, क्योंकि इतने विशेष काम के साथ बड़ी जिम्मेदारियां भी आती हैं।

जैसिंडा आर्डर्न का जन्म 26 जुलाई, 1980 को न्यूजीलैंड के शहर हैमिल्टन में हुआ था। उनके पिता रॉस आर्डर्न पुलिस अफसर थे और मां लॉरेल कुक थीं। जेसिंडा को हमेशा से राजनीति में दिलचस्पी थी। इसलिए उन्होंने साल 2001 में मात्र 18 की उम्र में वह न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी से जुड़ गई थीं। वह तत्कालीन प्रधानमंत्री हेलेन क्लार्क के लिए रिसर्चर के तौर पर काम करती थीं।

वो 2017 में 37 साल की उम्र में न्यूजीलैंड की सबसे कम उम्र की प्रधानमंत्री बनीं थीं। तब से लेकर अब तक कई संकटों का बेहतर तरीके से सामना करने के लिए कारण वह बहुत लोकप्रिय हुईं।

जैसिंडा आर्डर्न ने 2022 में कोविड-19 और ओमिक्रॉन के खतरे के चलते दूसरी बार अपनी शादी कैंसिल कर दी थी। जेसिंडा ने कहा था- महामारी की वजह से देश के लोग मुश्किल का सामना कर रहे हैं। पाबंदियों और सख्ती के लिए माफी। मैं आप लोगों के साथ हूं और अपनी शादी भी कैंसिल कर रही हूं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेसिंडा अपने टीवी होस्ट मंगेतर क्लार्क गेफोर्ड से 2021 में शादी करने वाली थीं, लेकिन कोविड के चलते तब भी उन्हें इसे कैंसल करना पड़ा था।

PM बनने के 8 महीने बाद बनी थीं मां

जैसिंडा और उनके मंगेतर की करीब चार साल की एक बेटी भी है। इसका नाम नीव ते अरोहा अर्डन गेफॉर्ड है। बेटी के जन्म के बाद जेसिंडा और गेफोर्ड ने खुद सोशल मीडिया पर बच्ची का नाम और उसका अर्थ बताया था। जेसिंडा ने कहा था- नीव का मतलब रोशनी या बर्फ है और ते अरोहाका मतलब प्यार है। यह एक पहाड़ का नाम है। ऐसे ही एक कस्बे में मेरा बचपन गुजरा है।

जेसिंडा पद पर रहते हुए मां बनने वाली दुनिया की दूसरी महिला हैं। पहली महिला पाकिस्तान की बेनजीर भुट्‌टो थीं, जो 1990 में पद पर रहते हुए मां बनी थीं। तब उनकी उम्र भी 37 साल थी। साल 2017 में जब जेसिंडा चुनाव प्रचार कर रहीं थी तब वह गर्भवती थीं। प्रधानमंत्री का पद संभालने के मात्र 8 महीने बाद ही वह मां बन गई थीं।

2018 में जेसिंडा एर्डर्न अपनी तीन महीने की बेटी को लेकर यूनाइटेड नेशंस असेंबली हॉल पहुंची थीं। उन्होंने 21 जून 2018 को बेटी नीव को जन्म दिया था और सितंबर में वो उसे लेकर 73वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में पहुंच गई थीं। असेंबली हॉल में वह अपनी पति क्लार्क गायफोर्ड के साथ बेटी को दुलार करती हुई दिखी थीं।

मई 2021 में फॉर्च्यून मैगजीन ने प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न को दुनिया के सबसे महान नेताओं की लिस्ट में पहली रैंक दी थी। यह खिताब उनको कोरोना महामारी को फैलने से रोकने में, क्राइस्ट चर्च घटना का संज्ञान लेने में और वाइट आइलैंड में ज्वालामुखी फटने की घटना में उनके काम के लिए मिला था।


 gywl3f
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *