भारत जोड़ो यात्रा 18 को हिमाचल आएगी:कांगड़ा के इंदौरा से देवभूमि में एंट्री, 24 किलोमीटर पदयात्रा के बाद मलौट में जनसभा करेंगे राहुल गांधी

भारत जोड़ो यात्रा 18 को हिमाचल आएगी:कांगड़ा के इंदौरा से देवभूमि में एंट्री, 24 किलोमीटर पदयात्रा के बाद मलौट में जनसभा करेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ने से पहले कल हिमाचल में प्रवेश करेगी। कांगड़ा जिले के इंदौरा के मीलवां के रास्ते यह पदयात्रा देवभूमि में एंटर करेगी। दिनभर 24 किलोमीटर पदयात्रा के बाद राहुल गांधी पंजाब के मलौट में एक जनसभा संबोधित करके प्रदेश कांग्रेस में जोश भरेंगे।

हिमाचल में यात्रा शुरू होने से पहले मीलवां में फ्लैग हैंड-ओवर सेरेमनी होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित सुक्खू सरकार के मंत्री, विधायक व कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। इसके बाद सबसे पहले राहुल गांधी प्राचीन मंदिर काठगढ़ में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे, फिर यात्रा शुरू करेंगे।

CM और प्रदेशाध्यक्ष लेंगे तैयारियों का जायजा

वहीं कल होने वाली पदयात्रा से पहले सुखविंदर सुक्खू और प्रतिभा सिंह आज तैयारियों का जायजा लेंगी। इस दौरान पदयात्रा और मलौट में होने वाली जनसभा में लोगों की संख्या जुटाने को लेकर निर्देश दिए जाएंगे।

हिमाचल से पठानकोट जाएगी पदयात्रा

कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा लगभग 3200 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद प्रदेश पहुंच रही है। जनसभा के बाद भारत जोड़ो यात्रा पठानकोट में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम भी वहीं होगा। यहां से जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी।

7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई शुरू

भारत जोड़ो यात्रा के लिए लोगो, टैगलाइन और वेबसाइट बीते साल 23 अगस्त को लॉन्च की गई थी। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से यात्रा शुरू हुई। लगभग 150 दिन में करीब 3,500 किमी का सफर तय करने का टारगेट है। यह पदयात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेश को कवर करेगी। कन्याकुमरी से शुरू यात्रा श्रीनगर में खत्म होगी।

नफरत दूर कर देश को एकजुट करना मकसद

राहुल गांधी के मुताबिक, इस पदयात्रा का मकसद भाजपा सरकार की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ देश को एकजुट करना है। देश में फैलाई जा रही नफरत, हिंसा को दूर करना, जनता के मन से भय को दूर करना, महंगाई व बेरोजगारी को लेकर जागरूक करना है।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में घर-घर देंगे राहुल का संदेश

कांगड़ा के मलौट में होने वाली जनसभा में राहुल गांधी जो संदेश देंगे, हिमाचल कांग्रेस के नेता उसे 26 जनवरी से शुरू हो रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत घर-घर तक ले जाएंगे। इस यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में जबरदस्त उत्साह है। भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू हो रहा है।

Leave a Reply

Required fields are marked *