भाटी, रोहिताश्व और गोयल की वापसी फिलहाल नहीं:भाजपा में चार नेताओं की घर वापसी लगभग तय, इसी महीने हो सकते हैं शामिल पार्टी में

भाटी, रोहिताश्व और गोयल की वापसी फिलहाल नहीं:भाजपा में चार नेताओं की घर वापसी लगभग तय, इसी महीने हो सकते हैं शामिल पार्टी में

भाजपा में फिर से एन्ट्री के लिए जो नेता कोशिशों में हैं, फिलहाल उनमें से चार नेताओं की एन्ट्री होना तय हो गया है। जल्द ही पार्टी के स्तर पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार यह घोषणा इसी महीने में हो जाएगी। इस संबंध में केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की अध्यक्षता में एक कमेटी भी भाजपा ने गठित कर रखी है। हाल ही उनके बीकानेर में प्रवास के दौरान प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनिया भी वहीं थे। इस दौरान उनसे पार्टी में वापसी चाह रहे एक वरिष्ठ नेता ने मुलाकात भी की थी।

जिन नेताओं की पार्टी में वापसी होनी हैं उनमें फिलहाल पूर्व केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री सुभाष महरिया (सीकर), पूर्व विधायक धन सिंह रावत (बांसवाड़ा), पूर्व जिला प्रमुख बिन्दु चौधरी (नागौर) और पूर्व विधायक विजय बंसल (भरतपुर) शामिल हैं। इनमें से रावत की भाजपा में वापसी की घोषणा तो पूर्व में हो चुकी, लेकिन फिर से ज्वॉइनिंग नहीं हो पाई है।

महरिया ने वर्ष 2014 में लोकसभा का टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के खिलाफ बागी होकर चुनाव लड़ा था। बाद में वे 2016 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। पूर्व विधायक बंसल ने 2021 में भरतपुर नगर निगम के चुनावों में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ काम किया था, ऐसे में पार्टी ने उन्हें निकाल दिया था। पूर्व जिला प्रमुख बिन्दु चौधरी लोकसभा का टिकट नहीं मिलने पर पार्टी छोड़ गई थी। अब इन्हें पार्टी में वापसी मिल सकती है।

इनके अलावा पूर्व आबकारी मंत्री देवी सिंह भाटी (बीकानेर), पूर्व नगरीय विकास मंत्री सुरेन्द्र गोयल (जैतारण) और पूर्व परिवहन मंत्री रोहिताश्व शर्मा (बानसूर) की वापसी होने की भी पिछले दिनों चर्चा थी, लेकिन इनकी वापसी पर फिलहाल टाल दी गई है। फिलहाल इनकी वापसी संभव नहीं है। चूरू जिले के सरदारशहर में हाल ही हुए उप चुनाव में पूर्व वन मंत्री राजकुमार रिणवां की वापसी भी हुई थी। रिणवा रतनगढ़ (चूरू) से विधायक रहे हैं।

भाजपा की कमेटी के सदस्य विधायक व पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने भास्कर को बताया कि विचार विमर्श कुछ नामों पर हो गया है। जल्द ही उनके नामों की घोषणा हो जाएगी।

राजे के बीकानेर दौरे के दौरान अक्टूबर में बनी थी कमेटी

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बीकानेर संभाग में अक्टूबर में रैली और यात्रा निकाली थी। तब पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के पार्टी में शामिल होने की चर्चाएं थीं। तब पार्टी ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और विधायक वासुदेव देवनानी की एक कमेटी इस संबंध में गठित की थी, जो पार्टी में वापसी चाहने वाले नेताओं के बारे में विचार करके अपनी सिफारिशें पार्टी नेतृत्व को दें।



 6zr3nc
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *