प्रिंस हैरी की आत्मकथा ने तोड़े रिकॉर्ड बिक्री के:ब्रिटेन में पहले दिन 4 लाख बिकीं कॉपियां, किताब में शाही परिवार के अनसुने किस्से

प्रिंस हैरी की आत्मकथा ने तोड़े रिकॉर्ड बिक्री के:ब्रिटेन में पहले दिन 4 लाख बिकीं कॉपियां, किताब में शाही परिवार के अनसुने किस्से

प्रिंस हैरी की आत्मकथा स्पेयर ब्रिटेन में सबसे तेजी से बिकने वाली नॉन-फिक्शन बुक बन गई है। 10 जनवरी को रिलीज के पहले दिन ही इसकी 4 लाख कॉपियां बिक गईं। इनमें प्रिंटेड बुक्स के अलावा ई-बुक और ऑडियो बुक भी शामिल हैं।

इस किताब में ब्रिटिश शाही परिवार के राज और विवादों का जिक्र है। प्रिंस हैरी इंग्लैंड के किंग चार्ल्स के छोटे बेटे हैं। उन्होंने 2020 में अपनी पत्नी मेगन के साथ राजपरिवार छोड़ दिया था। अब उन्होंने अपनी आत्मकथा में बचपन से लेकर शाही परिवार छोड़ने तक की घटनाओं के बारे में विस्तार से बताया है।

आधे दाम में बिक रही किताब, लगीं लंबी लाइनें

ब्रिटेन के शाही परिवार के राज खोलने वाली इस किताब के कई हिस्से पहले ही मीडिया में लीक हो चुके हैं। इसलिए लोग इस किताब को पढ़ने के लिए खासे उत्साहित हैं। मंगलवार को ब्रिटेन के बुक स्टोर्स समय से पहले ही खुल गए और किताब की बिक्री शुरू हो गई। दिनभर बुक स्टोर्स पर लोगों की लंबी लाइनें देखी गईं।

स्पेयर की कीमत 2,778 रुपए रखी गई थी, लेकिन बुक स्टोर्स पर ये आधे दाम में बिक रही है। अमेजन पर भी ये 1,389 रुपए में मिल रही है।

पहले दिन सिर्फ हैरी पॉटर बुक ही इससे ज्यादा बिकी

किताब के पब्लिशर पेंग्विन रैंडम हाउस के मैनेजिंग डायरेक्टर लैरी फिनले ने कहा- हमें पता था कि ये किताब बहुत बिकेगी, लेकिन इतनी बिक्री की हमने कल्पना भी नहीं की थी। हमारी जानकारी के मुताबिक, रिलीज के पहले दिन सिर्फ हैरी पॉटर की किताबें ही इससे ज्यादा बिकी हैं।

हाऊ टु किल योर फैमिली के बगल में रखी स्पेयर

इंग्लैंड के स्विंदोन में एक बुक स्टोर ने प्रिंस हैरी की किताब को बेला मैकी के नॉवेल हाऊ टु किल योर फैमिली के बगल में डिस्प्ले किया। दरअसल, प्रिंस हैरी ने अपनी किताब में शाही परिवार पर जमकर हमला किया है। अपने पिता, भाई और सौतेली मां के बारे में कई खुलासे किए हैं। इसलिए बुक स्टोर ने मजाक करते हुए उनकी बुक को हाऊ टु किल योर फैमिली के बगल में डिस्पले किया।

बुक में खुलासा- पत्नी को ताजमहल के सामने फोटो खिंचवाने से रोका था

स्पेयर में प्रिंस हैरी ने बताया है कि उन्होंने अपनी पत्नी मेगन मार्केल को ताजमहल के सामने फोटो खिंचवाने से मना किया था। दरअसल, 1992 में प्रिंस हैरी की मां प्रिंसेस डायना भारत आई थीं और उन्होंने ताजमहल के सामने फोटो खिंचवाई थी। उनकी ये फोटो बहुत फेमस हुई थी। प्रिंस नहीं चाहते थे कि मेगन भी ऐसी ही फोटो खिंचवाएं, क्योंकि इससे लोगों को लगता कि वे डायना की नकल कर रही हैं। मेगन 2017 में भारत आई थीं।

किताब के लिए प्रिंस हैरी को मिले 164 करोड़ रुपए

प्रिंस हैरी को अपनी आत्मकथा के लिए पेंग्विन रैंडम पब्लिशिंग हाउस से 164 करोड़ रुपए मिले हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस डील का फायदा उठाने के लिए पेंगुइन को किताब की 13 लाख प्रिंटेड कॉपीज बेचनी होंगी। साथ ही 4 लाख ई-बुक्स की भी बिक्री करनी होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेंग्विन ने प्रिंस हैरी के साथ 4 किताबों की डील की है। स्पेयर के अलावा एक किताब वे अपनी पत्नी मेगन के साथ लिखेंगे। बाकी दो में से एक किताब लीडरशिप और एक किताब मानव कल्याण पर होगी। डेली मेल की मानें तो स्पेयर लिखने वाले घोस्ट राइटर को 8 करोड़ 23 लाख रुपए दिए गए हैं।



 ovky6o
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *