कोरोना का खतरा देश-दुनिया में:चीन के हेनान राज्य की 89% आबादी संक्रमित, जापान में 15 जनवरी के बाद आशंका मामले बढ़ने की

कोरोना का खतरा देश-दुनिया में:चीन के हेनान राज्य की 89% आबादी संक्रमित, जापान में 15 जनवरी के बाद  आशंका मामले बढ़ने की

चीन में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही भारत, जापान और अमेरिका जैसे देशों में भी नई लहर का खतरा मंडराने लगा है। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के हेनान राज्य के 89% लोग कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। यहां की आबादी 9 करोड़ 94 लाख है। इसका मतलब कि हेनान में 8 करोड़ 85 लाख लोग कोरोना की चपेट में आ गए हैं।

इधर, जापान में एक्सपर्ट्स ने कोरोना को लेकर वॉर्निंग जारी कर दी है। उनका कहना है कि 15 जनवरी के बाद कोरोना के मामलों में उछाल देखा जा सकता है। गौरतलब है कि जापान ने संक्रमण रोकने के लिए चीन से आए यात्रियों के लिए टेस्टिंग जरूरी कर दी है। यानी अब चीन से जापान आने वालों का कोरोना टेस्ट होगा।

पहले भारत में कोरोना की स्थिति देखते हैं...

भारत में रविवार को कोरोना के 170 नए मामले सामने आए हैं। वहीं एक शख्स की मौत हुई है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश में अभी 2,371 एक्टिव केस हैं।

चीन: एक्सपर्ट बोले- जल्द खत्म हो सकता है कोविड

शंघाई के इन्फेक्शन डिसीज स्पेशलिस्ट झांग वेन्होंगे ने कहा है कि चीन में कोरोना जल्द खत्म हो जाएगा। झांग के मुताबिक, चीन में बाकी देशों की तरह ही कोरोना एक खास हिस्से तक सिमट कर रह जाएगा। इस स्टेज को एंडेमिक कहते हैं। वेन्होंगे ने कहा- चीन में कोविड पीक तक पहुंच गया है। अब हमारे पास कई तरह की मेडिकल फेसेलिटीज मौजूद हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही कोरोना भी मामूली फ्लू की तरह हो जाएगा। यह एक मौसमी बीमारी बनकर रह जाएगा।

चीन ने तीन साल से बंद सभी बॉर्डर को खोल दिया है। रविवार को हांगकांग और मेनलैंड चाइना के बीच यात्रियों की आवाजाही हुई। इन लोगों के लिए क्वारैंटाइन जैसा बड़ा प्रोटोकॉल भी खत्म कर दिया गया है।

चीन में बॉर्डर खुलने के बाद लोग बिना आइसोलेशन के यात्रा कर सकेंगे। चीन में लूनर न्यू ईयर 21 जनवरी से शुरू हो जाएगा। ऐसे में अगले 40 दिन में देश में 200 करोड़ लोगों के आने-जाने की संभावना है। महामारी की शुरुआत के बाद से चीनियों के लिए यह बिना किसी प्रतिबंध के पहला लूनर न्यू ईयर होगा।

चीन में कोविड टेस्ट किट बनाने वाली फैक्ट्री में रविवार को हिंसा हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर दवाओं के बॉक्स फेंके। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, चूंगचींग शहर में कोविड टेस्ट किट बनाने वाली जायबायो कंपनी ने कई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया और सैलरी भी नहीं दी। इसके बाद फैक्ट्री के बाहर प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए। पढ़ें पूरी खबर...

चाइना कम्युनिस्ट पार्टी पर नजर रखने वाली ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट जेनिफर जेंग ने भी सोशल मीडिया पर झड़प का वीडियो शेयर किया है। उनके मुताबिक, कोरोना टेस्ट किट बनाने वाली कंपनी मे करीब 10 हजार कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जिसके बाद प्रदर्शन शुरू हुए।

अमेरिका : XBB.1.5 वैरिएंट के मामले बढ़े

अमेरिकी हेल्थ एजेंसी सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने बताया कि XBB.1.5 वैरिएंट के केसेस बढ़ते ही जा रहे हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों में XBB.1.5 वैरिएंट के 72% मामले हैं। वहीं पूरे देश में इसके 27.6% केसेस हैं। यह वैरिएंट सबसे पहले न्यूयॉर्क में पाया गया था।

दुनिया में 66 करोड़ 85 लाख से ज्यादा मामले

कोरोना worldometer के मुताबिक, दुनिया में अब तक 66 करोड़ 85 लाख 63 हजार 221 मामले सामने आ चुके हैं। 11 जनवरी 2020 को चीन के वुहान में 61 साल के बुजुर्ग की मौत हुई थी। ये दुनिया में कोरोना से होने वाली पहली मौत थी। इसके बाद मौत का सिलसिला बढ़ने लगा। अब तक 67 लाख 13 हजार 388 मौतें हो चुकी हैं।

अब तक 17 देशों ने चीन के यात्रियों पर लगाया प्रतिबंध

चीन से आने वाले यात्रियों पर स्वीडन, जर्मनी, मलेशिया, कतर, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मोरक्को, फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, अमेरिका, जापान, इजराइल, भारत, इटली और साउथ कोरिया ने प्रतिबंध लगाए हैं। यहां चीन से आने वाले यात्रियों को नेगेटिव कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी। मोरक्को ने तो चीन के यात्रियों को बैन ही कर दिया है। ताइवान ने भी चीन से आने वालों के लिए कोविड टेस्टिंग कंपलसरी की है। पाकिस्तान और फिलीपींस भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थाईलैंड और न्यूजीलैंड ने कोई भी प्रतिबंध लगाने से मना कर दिया है

Leave a Reply

Required fields are marked *