राहुल: नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलूंगा: गहलोत का ऐलान- राजस्थान में 500 रुपए में देंगे गैस सिलेंडर

राहुल: नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलूंगा: गहलोत का ऐलान- राजस्थान में 500 रुपए में देंगे गैस सिलेंडर

राजस्थान में अलवर के मालाखेड़ा में सोमवार को राहुल गांधी ने सभा में कहा- मुझे भाजपा वाले बुरे नहीं लगते। मैं रास्ते में जाता हूं तो इशारा करके पूछते हैं कि क्या कर रहे हो? मैं उन्हें जवाब देना चाहता हूं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। आइए आप भी बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलिए। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, अंबेडकर सब ने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली थी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा में ऐलान किया- हम एक कैटेगरी बना रहे हैं। इस कैटेगरी के लोगों को एक हजार 50 रुपए का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में देंगे। सिलेंडर अप्रैल से राज्य में मिलेगा।

राहुल ने कहा कि गरीबों के लिए सबसे बेहतर स्कीम राजस्थान में है। राजस्थान से पहले के राज्य में लोग कहते थे कि हमें किडनी ट्रांसप्लांट करवाना है, पैसा नहीं है। राजस्थान में ऐसा नहीं होता। कल दो लोग मिले। उनसे मैंने उनके इलाज के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि मुफ्त में हुआ। चिरंजीवी योजना ने लाखों लोगों का दर्द मिटाया है, इसे पूरे देश में लागू करना चाहिए।

राजस्थान के हर बच्चे को अंग्रेजी पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए

राहुल ने कहा- अमित शाह से लेकर सारे भाजपा नेताओं के बच्चे अंग्रेजी मीडियम स्कूल में जाते हैं और भाषण देते हैं कि अंग्रेजी मत सीखो। वे नहीं चाहते कि गरीब अंग्रेजी सीखे। वे नहीं चाहते कि आप बड़े सपने देखो। मजदूरी से बाहर निकलो।


मैं यह नहीं कर रहा हूं कि हिंदी नहीं पढ़नी चाहिए। हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए, लेकिन अमेरिका, इंग्लैंड, जापान सहित बाकी दुनिया से बात करने के लिए हिंदी काम नहीं आएगी, अंग्रेजी ही काम आएगी। इसीलिए राजस्थान में 1700 अंग्रेजी मीडियम स्कूल शुरू किए गए हैं, लेकिन यह कम है। राजस्थान के हर बच्चे को अंग्रेजी पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।

गहलोत सरकार की आलोचना भी की

राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा में एक रस्सी है, जिसके अंदर सारे सीनियर नेता रहते हैं। रस्सी के बाहर लोकल नेता रहते हैं। इस रस्सी को तोड़ना पड़ेगा। इसका मतलब है कि हमारे कार्यकर्ता, हमारे लोकल नेताओं की आवाज सरकार और उसके ऑफिस में सुनाई देनी चाहिए और उससे भी जरूरी है कि राजस्थान के आम आदमी की आवाज हर सरकारी ऑफिस में सुनी जानी चाहिए।

हम साढ़े तीन हजार किमी चल रहे हैं। चलने से शरीर की कई बीमारियों का इलाज हो जाता है। राजस्थान की पूरी कैबिनेट राजस्थान की सड़कों पर हर महीने में एक बार 15 किमी चले। लोग मिलेंगे तो इससे उनकी समस्या खत्म हो जाएगी। मंत्री जब पैदल चलेंगे तो आदमी छुप नहीं सकता। इससे कांग्रेस पार्टी, राजस्थान और सभी लोगों का फायदा होगा।

हमारे आदिवासी भाई-बहनों को ट्राइबल बिल में जो हक दिया गया है, उसे राजस्थान सरकार जल्दी से लागू करके दिखाएं। आदिवासी हिंदुस्तान का ओरिजिनल मालिक है।

देश में लोगों को बांटा जा रहा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने भाजपा और उसके नेताओं पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम नहीं डरेंगे। इस पार्टी के लोगों ने देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर किए हैं। आजादी के बाद इंदिरा गांधी, राजीव गांधी ने देश के लिए जान दी, क्या देश के लिए भाजपा नेताओं के घर में कुत्ता भी मरा है। कांग्रेस कुछ भी बोले तो वे देशद्रोही कहते हैं।

खड़गे ने कहा- देश में लोगों को बांटा जा रहा है। संसद में चीन के मुद्दे पर चर्चा करने से सरकार भाग रही है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। खड़गे ने कहा कि 30 लाख नौकरियां पूरे देश में खाली हैं, लेकिन केंद्र सरकार भर्ती नहीं कर रही है। भाजपा सरकार चंद लोगों को और अमीर बनाने की कोशिश कर रही है और गरीबों को परेशान कर रही है।

गहलोत-पायलट को नसीहत- एक होकर काम करें

राजस्थान में गुटबाजी पर खड़गे ने कहा- अध्यक्ष होने के नाते कह रहा हूं कि एक होकर काम करेंगे तो कोई आपको हरा नहीं पाएगा। नेता पार्टी को मजबूत रखें।

गहलोत जनवरी में पेश करेंगे बजट

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगले महीने हम बजट पेश करेंगे, उसमें रसोई से महंगाई का बोझ कम करने के लिए किट बांटने की योजना लाएंगे। उन्होंने कहा- पहले इनकम टैक्स, ईडी से लोग डरते थे, अब ये खुद डरे हुए हैं। देश में लोकतंत्र की जड़ें कमजोर हो गई हैं। राहुल गांधी एक मकसद लेकर चले हैं।

आजादी के बाद यह पहली भारत जोड़ो यात्रा है। पूरा देश महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। ERCP को हम किसी भी हालत में बंद नहीं करेंगे। इसे राष्ट्रीय योजना का दर्ज दिलाने के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

पायलट बोले, यात्रा ने रिकॉर्ड तोड़े

सचिन पायलट ने कहा- राहुल गांधी की यात्रा जिस संकल्प के साथ चली है, उसे मैं सलाम करता हूं। यात्रा ने जोड़ने का काम किया है। कुछ लोगों को यह यात्रा रास नहीं आ रही है। चार दिसंबर को कमलनाथ ने चुनौती दी थी, हमने स्वागत किया। राजस्थान में स्वागत के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

इससे पहले आज सुबह छह बजे से बांदीकुई के कोलाना कोर्ट कैंपस से सुबह छह बजे से यात्रा शुरू हुई। सुबह 10 बजे यात्रा अलवर जिले के राजगढ़ में सुरेर की ढाणी पहुंची। यहीं लंच ब्रेक रखा गया है। आज शाम को दूसरे चरण की यात्रा नहीं होगी।

इस बीच, राहुल गांधी से मिलकर एक युवक ने रोजगार से जुड़ी परेशानी बताई तो राहुल ने साथ चल रहे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से कहा, इसके समाधान की जिम्मेदारी आपकी है। राहुल गांव की महिलाओं से भी मिले।

बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रा के स्वागत में खड़ी थीं। राहुल गांधी ने उनसे बातचीत की, फोटो खिंचवाए। उनका हालचाल पूछा। ग्रामीण महिलाओं से घर-परिवार, रोजगार और बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।

यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को दौसा से अलवर जिले में प्रवेश कर गई है। पांच दिन दौसा जिले में रहने के बाद आज राजगढ़ से अलवर में एंटर हुई। अलवर सीमा पर स्वागत में रेड कार्पेट बिछाया गया।

भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में 15वां दिन है। वहीं, कन्याकुमारी से इस देशव्यापी पैदल मार्च को शुरू हुए 103 दिन हो रहे हैं।

सोमवार सुबह राहुल गांधी गांव की महिलाओं व बच्चों से मिले। उनसे बातचीत की, हालचाल पूछा। घर-परिवार की जानकारी ली और साथ में फोटो भी खिंचवाए।

आज यात्रा केवल सुबह के फेज में ही चली और 13 किलोमीटर का सफर तय ​किया गया। लंच ब्रेक के बाद अलवर के मालाखेड़ा में सभा रखी गई थी। राजस्थान में यात्रा का 15वां दिन है और पहली बार राहुल की कोई जनसभा रखी गई। ओवरऑल देखा जाए तो भारत जोड़ो यात्रा को शुरू हुए कुल 103 दिन हो चुके हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश और कांग्रेस मीडिया सेल के प्रमुख पवन खेड़ा ने चीन को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। पवन खेड़ा ने कहा, मोदी चीन परस्त प्रधानमंत्री हैं। पिछले 7 साल में देश में यही हाल है, यहां वीर सेना, कायर राजा की सरकार चल रही है।

जयराम ने कहा कि पीएम मोदी से चीन पर हमारे सवाल हैं। ऐसी जानकारी मिल रही है कि चीन की ओर से ईस्टर्न क्षेत्र में घुसपैठ बड़े पैमाने पर और बार-बार हो रही है।

राहुल गांधी के सामने पायलट के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। भारत जोड़ा यात्रा की दौसा में एंट्री होने के बाद से लगातार पायलट समर्थक उत्साहित दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *