मुलायम के गढ़ में योगी बोले- नेताजी ने कहा था भाजपा सरकार बनेगी, अखिलेश ने कहा-बीजेपी के बहकावे में नहीं फंसना

मुलायम के गढ़ में योगी बोले- नेताजी ने कहा था भाजपा सरकार बनेगी, अखिलेश ने कहा-बीजेपी के बहकावे में नहीं फंसना

मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उप-चुनाव के प्रचार के लिए सीएम योगी सोमवार को यहां पहुंचे। उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह यादव को मंच से श्रद्धांजलि दी। उनको याद करते हुए योगी ने कहा, नेताजी ने संसद में भाजपा के जीतने की बात कही थी। आज उनकी बात सच हो रही है। मंच से योगी ने भारत माता जय के नारे लगाए।

दूसरी ओर, आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मैनपुरी के कुरावली पहुंचे। उन्होंने कहा कि बीजेपी को समझना चाहिए कि ये नेताजी से जुड़े लोग हैं। ये नेताजी के सम्मान में वोट डालना चाहते हैं। यहां के लोग बीजेपी के बहकावे में नहीं फंसने वाले हैं।

कहा-आप लोगों को इतिहास बनाने का मौका मिल रहा

सीएम ने कहा, मैनपुरी के लोगों को नया इतिहास बनाने का मौका मिल रहा है। अब आप लोगों को सहयोग करना चाहिए। कुछ लोग सेकुलरिज्म के नाम पर नारे लगाते हैं। समाजवाद के नारे लगाते हैं, लेकिन वो परिवारवाद से निकल नहीं पाते हैं। उनका सीएम भी परिवार का, सांसद भी परिवार का, विधायक भी परिवार का, ब्लॉक प्रमुख भी परिवार का। हमें ऐसे लोगों से अब छुटकारा चाहिए। ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं कर सकते।

नौकरी के नाम पर पूरा परिवार करता है वसूली

सीएम ने कहा, पहले यहां पर पूरा परिवार नौकरी के नाम पर वसूली करने निकल जाता था। लेकिन आज युवाओं को आसानी से नौकरी मिल रही है। ये लोग संकट के समय खड़े नहीं होंगे। ये लोग बस इमोशनल के नाम पर वोट मांग रहे हैं। लेकिन हमारी भावनाएं जनता के साथ हैं। जिनके पास टॉयलेट नहीं है, जिनके पास सुविधाएं नहीं हैं, हम उनका काम करेंगे।

उन्होंने कहा, ये लोग किसी गरीब को घर तो नहीं दे पाए लेकिन उनकी जमीन पर कब्जा जरूर कर लिया। मगर, हमने गरीबों को आवास दिया है और आगे भी देते रहेंगे। हर गरीब के घर में शौचालय होगा। गैस का कनेक्शन दिया जाएगा। नौजवानों को रोजगार दिया जाएगा।

शिवपाल पर साधा निशाना, बोले- वो पेंडुलम हैं

योगी ने शिवपाल पर निशाना साधते हुए कहा, यहां कुछ लोग फुटबाल बन गए हैं। वे पेंडुलम की तरह घूमते रहते हैं। ऐसे लोगों की कोई पहचान नहीं होती है। उनको कोई भी लात मार कर किनारे कर देता है।

भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के लिए कहा, हम लोगों ने साथ में काम किया है। मैंने उनका काम बहुत करीब से देखा है। उन्होंने हमेशा बहुत गंभीरता से काम किया है। कभी किसी पद की मांग नहीं की। उनकी इसी लगन को देखते हुए भाजपा ने परिवारवाद से दूर रघुराज सिंह शाक्य को अपना प्रत्याशी बनाया।

करहल में पुलिस की चौक-चौबंद व्यवस्था

सीएम के आने से पहले करहल को छावनी में तब्दील कर दिया गया। चौक-चौराहों और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। आईजी, डीआईजी सहित आगरा मंडल के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

सैकड़ों की संख्या में सीमा सुरक्षा बल के जवान भी लगाए गए। जनसभा क्षेत्र के पास दुकानों और मकानों को बंद करा दिया गया। बंद मकानों की छतों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

मैनपुरी में लोकसभा का उप-चुनाव 5 दिसंबर को होना है। चुनाव जीतने के लिए सपा और भाजपा के नेता आमने-सामने हैं। भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को जिताने के लिए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कुसमरा कस्बा पहुंचे थे। वहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा था।

अखिलेश यादव बोले-भाजपा झूठ बोलने वालों का दल

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कुरावली में प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही उन्होंने नुक्कड़ सभा में डिंपल यादव को वोट देने की अपील की। अखिलेश यादव ने कहा, बीजेपी के बारे में जानना है तो आपको अपने मन में ये रखना पड़ेगा कि उससे बड़ा झूठ कोई नहीं बोलता। भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने वालों का दल है।

पति अखिलेश के साथ डिंपल ने भरा था नामांकन

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने 14 नवंबर को अपना नामांकन भरा था। डिंपल यादव ने कहा था, वह अपना नामांकन सपा नेता मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों और मूल्यों को समर्पित करती हैं।

मैनपुरी की यह सीट 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हो गई थी। वहीं भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने 15 नवंबर को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अपना नामांकन भरा था।

बता दें, करहल विधानसभा मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। अखिलेश यादव इसी विधानसभा सीट से विधायक हैं। भाजपा अब अखिलेश यादव को करहल विधानसभा में घेरने की रणनीति बना रही है।

मुलायम सिंह का गढ़ रही है मैनपुरी सीट

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और फिर संरक्षक रहे मुलायम सिंह यादव ने संसद में जाने के लिए मैनपुरी को चुना था। यहां की जनता ने भी उन्हें कभी निराश नहीं किया। वह यहां से जब भी लड़े चुनाव जीते। इतना ही नहीं उन्होंने यहां से जिसको भी लड़वाया वो जीत गया। करहल से अखिलेश यादव और जसवंतनगर से उनके चाचा शिवपाल यादव विधायक हैं। करहल में प्रचार कर रहे शिवपाल सिंह यादव का कहना है कि उन्होंने करहल के लोगों से ये अपील की है कि डिंपल के लिए सबसे ज्यादा वोट करहल से ही मिलने चाहिए।

मैनपुरी चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें..

डिंपल बोलीं- मैनपुरी की बहू हूं, आशीर्वाद दीजिए

मैं नेताजी की बहू होने के साथ-साथ पूरे मैनपुरी की भी बहू हूं। इसलिए वोट देकर आशीर्वाद दें। मैनपुरी का चुनाव समाजवादी पार्टी का मनोबल बढ़ाने वाला है। यहां की जीत सपा के एक-एक कार्यकर्ता की जीत होगी। यह जीत नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बात सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने शनिवार को कही। वह किशनी विधानसभा के कस्बा किशनी एसएस गार्डन में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं

अखिलेश ने छुए थे चाचा शिवपाल के पैर

सैफई में एक जनसभा के दौरान अखिलेश ने चाचा शिवपाल के पैर छुए थे। मौका था डिंपल यादव के समर्थन में हो रही जनसभा का। इसमें शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव भी मौजूद थे। इसी बीच मंच पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहुंचते हैं और झुककर चाचा शिवपाल के पैर छू लेते हैं। शिवपाल भी बिना देर किए अखिलेश को जीत का आशीर्वाद दे देते हैं। डिंपल यादव के समर्थन में यह पहली रैली थी, जिसमें शिवपाल पहुंचे थे

डिंपल ने हां में जवाब दिया, कहा-हम एक ही रहेंगे

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव को लेकर अखिलेश यादव और शिवपाल यादव एक हो गए हैं। शिवपाल ने डिंपल यादव को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। वो घूम-घूम कर रैलियां और नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। इस बीच एक नुक्कड़ सभा में शिवपाल ने परिवार को फिर से एक होने की वजह बताई।

शिवपाल ने कहा कि चुनाव से पहले बहू डिंपल ने फोन किया था। बहू ने कहा कि मैं चुनाव लड़ रही हूं। आपका आशीर्वाद चाहिए। आप साथ आ जाओ। हम लोगों को एक साथ रहना है। इस पर बहू से मैंने कहा कि हम एक हो जाएंगे, लेकिन अखिलेश कुछ गड़बड़ करें तो तुम गवाह रहोगी न। बहू ने हां में जवाब दिया तो हम एक हो गए


 vp1ge5
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *