बरेली: ऑपरेशन के 20 घंटे बाद फौजी को होश आया; TTE ने ट्रेन से धक्का दिया था एक पैर कटा दूसरा फ्रैक्चर

बरेली: ऑपरेशन के 20 घंटे बाद फौजी को होश आया; TTE ने ट्रेन से धक्का दिया था एक पैर कटा दूसरा फ्रैक्चर

बरेली में गुरुवार को TTE की गुंडई करने का मामला सामने आया है। यहां रेलवे जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस से TTE ने एक फौजी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। हादसे में फौजी का एक पैर कटकर अलग हो गया। जबकि दूसरे पैर में फ्रैक्चर है। उसके सिर पर भी चोट आई है। खून से लथपथ फौजी को गंभीर हालत में मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसके एक पैर का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के 20 घंटे बाद शुक्रवार सुबह उसे होश आया।

हत्या की नीयत से फेंकने का आरोप

जवान का नाम सोनू कुमार (30) है। वह बलिया के हल्दी थाना के भरसोता गांव का रहने वाला है। वह यूनिट 24 राजरीफ में तैनात है। गुरुवार सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर डिबरुगढ़ नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में बरेली से दिल्ली की यात्रा के दौरान बी 6 कोच में सवार हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही देर के बाद ट्रेन बरेली स्टेशन से चली थी। आरोप है कि जवान गेट पर ही खड़ा था, तभी TTE कुपन बोरे से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसके बाद TTE ने जान से मारने की नीयत से उसे धक्का दे दिया। उस समय ट्रेन की स्पीड करीब 20 किमी प्रति घंटा की रही।

मौके से फरार हुआ TTE

सेना के सूबेदार की तरफ से पुलिस को बताया गया कि आरोपी TTE ने जब धक्का दिया तो फौजी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में आ गया। इस घटना में उसका एक पैर कटकर अलग जा गिरा। जबकि दूसरा पैर काफी दूर तक घिसटता रहा। पैर में पड़ा चमडे़ का जूता अलग गिर गया। दूसरे पैर में गंभीर चोट लगी है। वहीं सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान आरोपी TTE मौके से फरार हो गया।

इसके बाद ट्रेन में सवार अन्य फौजियों ने हंगामा कर दिया। जवानों ने ट्रेन के TTE को पीट दिया। बाद में TTE मौके से फरार हो गया। हंगामे के चलते ट्रेन करीब 1 घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही।

CO GRP मुरादाबाद को जांच का जिम्मा

TTE द्वारा फौजी सोनू कुमार को ट्रेन से फेंकने के मामले में रेलवे ने जांच के लिए कमेटी बनाई है। इसमें CO GRP मुरादाबाद को जांच दी गई है। वहीं रेलवे पुलिस फोर्स अलग से जांच कर रही है। CCTV फुटेज जो पुलिस द्वारा बताई गई है, उसमें यह बताया गया है कि फौजी ट्रेन से बाहर की तरफ गिरा और ट्रेन की चपेट में आ गया। अंदर ट्रेन की फुटेज पुलिस को अभी नहीं मिल सकी है।

FIR दर्ज, आरोपी का सुराग नहीं

GRP इंस्पेक्टर क्राइम अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी TTE के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा दर्ज किया गया है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जो धारा FIR में दर्ज की गई है, वह 7 साल से अधिक की सजा की है। ऐसे में TTE को जेल जाना पड़ेगा।

सेना के सूबेदार हरेंद्र कुमार सिंह ने आरोपी TTE के खिलाफ GRP थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया, फौजी सोनू कुमार सिंह बरेली से नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ रहे थे। इस दौरान TTE ने जान से मारने की नीयत से फौजी को धक्का दे दिया। हालांकि, TTE ने ऐसा क्यों किया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। फौजी के साथियों का कहना है कि TTE उसे एसी कोच में चढ़ने से रोकना चाहता था। इसलिए, उसने धक्का दिया।

फौजियों ने दूसरे TTE को जमकर पीटा

बरेली जक्शन पर फौजी के पैर कटने के बाद फौजियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर जीआरपी और सेना के अधिकारी भी पहुंच गए। फौजियों ने ट्रेन को रोक दिया और आरोपी को अरेस्ट करने की मांग की। इस दौरान दूसरा TTE फौजियों के हत्थे चढ़ गया। उसकी जमकर पिटाई की। बाद में रेलवे पुलिस ने किसी तरह TTE को फौजियों से बचाया।

उधर, इंस्पेक्टर क्राइम अजित प्रताप सिंह ने बताया, आरोपी TTE के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फौजी अस्पताल में भर्ती है। अभी होश नहीं आया है। मामले में सीनियर अधिकारियों को बता दिया गया है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। TTE फरार है।

पूरे मामले में रेलवे अफसरों ने कहा कि स्टेशन के CCTV की जांच की जा रही है। अगर TTE दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


 w9ehk8
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *