आजमगढ़ में निरहुआ बोले- गठबंधन से भाजपा को नुकसान नहीं: कहा- सड़कों के लिए 3123 लाख करोड़ दिए

आजमगढ़ में निरहुआ बोले- गठबंधन से भाजपा को नुकसान नहीं: कहा- सड़कों के लिए 3123 लाख करोड़ दिए

भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ की फिल्म मंडप की शूटिंग गोपालपुर विधानसभा में हो रही है। रविवार को फिल्म की पूरी टीम महाराजगंज इलाके में थी। सबसे खास बात यह है कि भाजपा सांसद अपनी फिल्मों की शूटिंग के साथ जनता दरबार भी लगा रहे हैं। ताकि यहां पर आने वाली जनता की समस्याओं का समाधान हो सके।

निरहुआ ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया था कि जिले में रहकर शूटिंग और जनसुनवाई करते रहो, जिससे जिले की जनता की समस्याओं का भी समाधान होता रहे। इसलिए वह दोनों काम साथ-साथ कर रहे हैं।

सड़कों की मरम्मत लिए 3123 लाख रूपए का बजट स्वीकृत

भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के मुताबिक आजमगढ़ लोकसभा के अन्तर्गत आने वाली पांच विधानसभा सीटों में जाकर शूटिंग की जा रही है। जिले में सड़कों और पुलों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सड़कें भी बनना शुरू हो गई हैं। चार दिन पहले 19 बदहाल सड़कों की मरम्मत लिए 3123 लाख रूपए का बजट स्वीकृत कर दिया है।

इस बजट से जिले की बदहाल सड़कों की मरम्मत हो सकेगी और जनता को सहूलियत मिलेगी। इस बजट से जिले की 110 किलोमीटर से अधिक की सड़कें सही होंगी। भाजपा सांसद का कहना है कि इसके बाद भी जिले के जो विकास कार्य हैं वह सब पूरे किए जाएंगे। इसका आश्वासन प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ विभागीय मंत्रियों से भी मिला है

किसानों के साथ नहीं होने दिया जाएगा अन्याय

आजमगढ़ जिले में एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर धरना दे रहे किसानों के बारे में भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का कहना है कि किसानों को अपनी बात रखने का हक है। किसी का घर उजड़ने नहीं दिया जाएगा और न ही किसानों के साथ अन्याय होने दिया जाएगा। एयरपोर्ट के लाइसेंस के लिए अप्लाई किया है। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री जब आएंगे तो पूरी जानकारी दी जाएगी। यह बात हमने किसानों को भी कहा था और इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुका है। किसानों के जो हित में होगा वहीं होगा।

भाजपा की नीतियों पर खरा नहीं उतरेगा विपक्ष

भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में सपा-रालोद गठबंधन के सवाल पर कहा कि भाजपा को कोई भी गठबंधन डैमेज नहीं कर पाएगा। भाजपा की नीतियों पर यह लोग खरे नहीं उतर पाए और न आने वाले दिनों में विपक्ष के लोग उतर पाएंगे। केन्द्र और प्रदेश सरकार की जितनी योजनाएं हैं हम लोग घर-घर जाकर जनता के बीच पहुंचाते हैं। जनता को इसके लिए नहीं दौड़ना है।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां तक कह दिया है कि जो लंबी लाइन है उसे खत्म करो। ऐसे में हम लोग सरकारी योजनाओं को लेकर लाभार्थियों के द्वार पर पहुंच रहे हैं। निश्चित रूप से भाजपा को इसका लाभ आने वाले समय में भी मिलता रहेगा। जनता हमारे साथ है।


 gtzyox
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *