CM योगी आदित्यनाथ आज जौनपुर दौरे पर हैं। CM उमनाथ सिंह मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निकले तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता काफिले के सामने आ गए। काले कपड़े दिखाए और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। पुलिस ने हंगामा करने वाले छात्र नेता आशीष मुलायम को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद CM ने पूर्वांचल यूनिवर्सिटी में सभा को संबोधित किया।
जौनपुर में CM ने 90 परियोजनाओं का शिलान्यास और 26 का लोकार्पण किया। इनकी लागत 258 करोड़ रुपए है। इसके बाद उनका कार्यक्रम गाजीपुर में है।
UP आज दंगा मुक्त प्रदेश है: CM
जौनपुर में सीएम योगी ने कहा विकास के लिए ईमानदारी से काम किया जा रहा है। भ्रष्टाचार पिछली सरकारों के जींस में था। खुद के फायदे के लिए गुंडों-गुर्गों को बढ़ावा देते थे। उत्तर प्रदेश आज दंगामुक्त प्रदेश है। हमने तय किया है कि कोई भी भ्रष्टाचार करेगा तो उसकी संपत्ति कुर्क कर गरीबों के विकास में लाया जाएगा। 2017 से पहले यूपी में विकास के नाम पर लोगों से छलावा होता था। आज यूपी में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। आज 258 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। ये परियोजनाएं शिक्षा स्वास्थ्य पेयजल आदि से जुड़ी हैं।
UP की कानून व्यवस्था नजीर बन रही
CM ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम पुस्तक का विमोचन किया। CM योगी ने कहा जौनपुर नए उत्तर प्रदेश के नए भारत का जनपद है। विकास की सभी सुविधाएं जौनपुर को प्राप्त होंगी। यहां की जनता को दशकों से विकास का इंतजार था। विकास की योजनाओं को ईमानदारी के उद्देश्य के साथ जमीन पर लाने की जरूरत है। 2017 से पहले ऐसे रैकेट घुन की तरह अलग कर विकास की योजनाओं को खोखला कर रहे थे। इसका खामियाजा उत्तर प्रदेश के लोगों को भुगतना पड़ा। पहले बाहर लोग अपनी पहचान छिपाते थे। NCRB के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था नजीर बन रही है। रोजगार जैसी संभावनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
छात्रों की बनाई प्रदर्शनी CM ने देखी
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मंच के पीछे प्रदर्शनी सजाई गई है। CM ने प्रदर्शनी भी देखी। इसमें लकड़ी की नक्काशी से शाही पुल बड़ी मस्जिद और अटाला मस्जिद का प्रोटोटाइप भी रखी गई थी। उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों की तारीफ की। कहा कि प्रदर्शनी में परिषदीय विद्यालय के बच्चे हुनरमंद दिखे। यह पहले नहीं होता था। क्योंकि पिछली सरकार के पास फुर्सत नहीं थी। नकल करवाने पर ध्यान था। कोई पारदर्शिता नहीं थी।
जौनपुर के इत्र और इमरती को किया याद
CM मेडिकल कॉलेज में छात्रों से मिले। उनसे पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्होंने जौनपुर में 30 साल पुरानी याद साझा की। इत्र और इमरती की तारीफ की। कहा कि जौनपुर की इमरती विश्व में एक ब्रांड बन कर छा जाएगी। इत्र के माध्यम से सुगंध और इमरती के माध्यम से स्वाद विश्वभर में जाएगा।